Bihar Assembly Session 2026: विधानसभा सत्र से पहले पटना पुलिस का सुरक्षा कवच तैयार, चप्पे-चप्पे पर निगरानी, हंगामे और आपात हालात से निपटने के लिए टियर गैस मॉक ड्रिल
Bihar Assembly Session 2026: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र-2026 को देखते हुए राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। ...
Bihar Assembly Session 2026: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र-2026 को देखते हुए राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सदन की कार्यवाही के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति, प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था की चुनौती से निपटने के लिए पटना पुलिस ने सुरक्षा का मजबूत खाका तैयार कर लिया है।
विधानसभा सत्र के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र, भीड़ नियंत्रण की रणनीति और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष तैयारी की गई है।
पुलिस की नजर खास तौर पर उन स्थानों पर रहेगी, जहां राजनीतिक दलों, संगठनों या आम लोगों की ओर से प्रदर्शन और विरोध-प्रदर्शन की संभावना रहती है। इसके लिए जवानों की तैनाती के साथ-साथ निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।इसी सुरक्षा तैयारी के तहत 19 जुलाई 2026 को पटना पुलिस ने आपात स्थिति में भीड़ नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखने के लिए टियर गैस के इस्तेमाल का मॉक ड्रिल (रिहर्सल) किया।
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, स्थिति को काबू में करने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के तरीके बताए गए। अधिकारियों ने जवानों को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में संयम और सतर्कता के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।इस अभ्यास के जरिए पुलिस बल की तैयारियों की समीक्षा की गई और यह सुनिश्चित किया गया कि अचानक उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों में जवान प्रभावी तरीके से कार्रवाई कर सकें।
विधानसभा सत्र के दौरान राजधानी में वीआईपी मूवमेंट, राजनीतिक गतिविधियों और संभावित विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा इंतजामों को कई स्तरों पर बांटा है। प्रमुख मार्गों, विधानसभा क्षेत्र और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई गई है।पटना पुलिस का कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अभिव्यक्ति का अधिकार सुरक्षित है, लेकिन कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।विधानसभा सत्र के दौरान किसी भी तरह की अफरातफरी या सुरक्षा चूक को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा तैयारियों और मॉक ड्रिल के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर मोर्चे पर तैयारी पूरी है।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार