Bihar Nepal Border:बिहार सीमा सील, छह जिलों में हाई अलर्ट, पर्यटकों पर भी रोक ,नेपाल में बवाल
बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश पर पश्चिम चंपारण से किशनगंज तक नेपाल से सटी पूरी सीमा सील कर दी गई है। ...

Bihar Nepal Border:नेपाल में जारी उग्र प्रदर्शनों के बीच बिहार ने सुरक्षा मोर्चा संभाल लिया है। बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश पर पश्चिम चंपारण से किशनगंज तक नेपाल से सटी पूरी सीमा सील कर दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्यटकों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है, जबकि स्थानीय नागरिक केवल कड़ी जांच-पड़ताल के बाद ही सीमा पार कर सकेंगे।
सीमा सुरक्षा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस संयुक्त गश्त कर रही है।इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और अन्य खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं।सीमावर्ती जिलों के डीएम-एसपी को समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया गया है।पुलिस मुख्यालय का कंट्रोल रूम लगातार हालात की निगरानी कर रहा है और एसपी से रिपोर्ट ले रहा है।
नेपाल से सटे बिहार के सात जिलों में से छह जिलों—पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया और किशनगंज—में विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुपौल का भी सीमावर्ती इलाका अलर्ट जोन में शामिल है।
एडीजी (विधि व्यवस्था) पंकज कुमार दराद ने बताया कि हालात को देखते हुए सीमा सील रहेगी। पर्यटकों का आना-जाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है और स्थानीय लोगों को भी केवल जरूरी जांच के बाद ही अनुमति दी जाएगी।
खुफिया एजेंसियां नेपाल क्षेत्र में घट रही घटनाओं पर पैनी नजर रखे हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि अगर कोई भारतीय नागरिक नेपाल में फंसा होगा तो उसे सुरक्षित निकालने की कार्रवाई भी की जाएगी।
बिहार-नेपाल सीमा पर यह सुरक्षा घेरा ऐसे वक्त में कस गया है जब पड़ोसी देश नेपाल में हालात तनावपूर्ण हैं और वहां से किसी भी अप्रिय गतिविधि का असर सीधे बिहार तक पहुंच सकता है।