पटना में गजब का मामला: चोरी हुई बाइक, 16 दिन बाद एग्जिबिशन रोड पर कटा 1000 का चालान!

राजधानी पटना के मीठापुर जिओ ऑफिस पार्किंग से चोरी हुई पल्सर बाइक का 16 दिन बाद एग्जिबिशन रोड पर 1000 रुपये का ई-चालान कट गया। ट्रैफिक स्मार्ट कैमरे में तीन चोर बिना हेलमेट ट्रिपल राइडिंग करते कैद हुए। पढ़ें पूरा मामला।

Patna stolen bike e challan
चोरी हुई बाइक, 16 दिन बाद एग्जिबिशन रोड पर कटा 1000 का चालान!- फोटो : Reporter

राजधानी पटना में लगभग सभी जगहों पर स्मार्ट कैमरे लगाए जा चुके हैं और चप्पे-चप्पे पर इनसे निगरानी की जा रही है। जुलाई महीने से ई-चालान भेजने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, जिससे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सीधी कार्रवाई हो रही है और गाड़ी मालिकों के पास जुर्माना राशि का संदेश तुरंत पहुंच जाता है। अकेले जुलाई महीने में ई-चालान के जरिए पटना में साढ़े पांच करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। हालांकि, इतने सख्त पहरे के बावजूद शहर में बाइक चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है।


मीठापुर जिओ ऑफिस पार्किंग से चोरी हुई पल्सर

बाइक चोरी की घटनाओं के बीच एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां वाहन मालिक की बाइक भी चोरी हो गई और उल्टे उसके मोबाइल पर जुर्माना का संदेश भी आ गया। यह पूरा मामला जक्कनपुर थाने में दर्ज एक शिकायत से जुड़ा है। 14 अगस्त 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे चंदन कुमार ग्राहकों का काम निपटाकर अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (BR 25 D 1171) से मीठापुर स्थित जिओ ऑफिस पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक पार्किंग में खड़ी की, लेकिन जब एक घंटे बाद बाहर निकले तो वाहन गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी सुराग न मिलने पर उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई।


चोरी की बाइक पर कटा 1000 रुपये का ई-चालान

पुलिस जब चोरी की बाइक की तलाश में जुटी ही थी कि 30 अगस्त को पीड़ित चंदन कुमार के मोबाइल पर अचानक एक ई-चालान का मैसेज आया। मैसेज के मुताबिक, उनकी चोरी हुई बाइक पर ट्रिपल राइडिंग (तीन सवारी) करने के जुर्म में 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इस चालान ने पीड़ित को हैरान कर दिया, क्योंकि जिस बाइक की चोरी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज थी, वह शहर की सड़कों पर बेधड़क दौड़ाई जा रही थी।

कैमरे में कैद हुए चोर, पुलिस तफ्तीश में जुटी

ई-चालान में बाकायदा तस्वीर भी संलग्न थी, जिससे साफ हुआ कि चोरी हुई पल्सर बाइक 30 अगस्त की दोपहर 3:06 बजे एग्जिबिशन रोड RLVD के पास स्मार्ट कैमरे में कैद हुई है। फोटो में तीन लड़के बिना हेलमेट के उसी बाइक पर सवार होकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। ट्रैफिक कैमरे में चोरों की तस्वीर कैद होने के बाद अब पुलिस के पास आरोपियों तक पहुंचने का अहम सुराग हाथ लग गया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।


पटना से रंजीत की रिपोर्ट