पटना में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ी, वाटर कैनन का इस्तेमाल, सीएम आवास घेराव की कोशिश
जेपी गोलंबर पर शुरू हुआ प्रदर्शन इनकम टैक्स गोलंबर और फिर डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गया, जहां पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झड़प हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
Bihar News : पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को राजधानी पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। पटना विश्वविद्यालय के करीब 15 छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र जेपी गोलंबर से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च के लिए निकले। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ने लगे।
जेपी गोलंबर पर शुरू हुआ प्रदर्शन इनकम टैक्स गोलंबर और फिर डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गया, जहां पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झड़प हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछार के बाद कई छात्र सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां से हटाकर सड़क किनारे किया और आगे बढ़ने से रोक दिया।
प्रदर्शन को देखते हुए गांधी मैदान थाना क्षेत्र समेत पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। जेपी गोलंबर, इनकम टैक्स चौराहा, डाकबंगला और मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और दंगा नियंत्रण बल तैनात किए गए थे। एहतियात के तौर पर वाटर कैनन और अन्य सुरक्षा संसाधनों को भी मौके पर रखा गया था।
पांच प्रमुख मांगें
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक, पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच, आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुई कार्रवाई वापस लेने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। इसके अलावा छात्र संगठनों ने सीवान में हाल के छात्र आंदोलन के दौरान गोली लगने से घायल छात्र को मुआवजा देने, गिरफ्तार छात्रों की रिहाई और गोलीबारी के मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।
कांग्रेस के कई नेता मौजूद
इस दौरान कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने छात्रों के साथ बैरिकेडिंग पर चढ़कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उनकी मांगों का समर्थन किया। वहीं सांसद पप्पू यादव ने भी छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पेपर लीक और रोजगार के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था भंग करने या बैरिकेडिंग तोड़ने जैसी घटनाओं की अनुमति नहीं दी जा सकती। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। फिलहाल प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहे तक पहुंच चुके हैं, जहां पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया है। मौके पर तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है और पुलिस-प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
अनिल की रिपोर्ट