Patna Traffic Alert: कार्तिक पूर्णिमा पर पटना में ट्रैफिक सिस्टम में हुआ बड़ा बदलाव, 13 घंटे तक सड़कें रहेंगी बंद, घर से निकलने से पहले जान लें रूट
Patna Traffic Alert:कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है।
Patna Traffic Alert:कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अगर आप 23 नवंबर की रात या 24 नवंबर की सुबह पटना की सड़कों पर निकलने की तैयारी कर रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। शहर के कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। प्रशासन ने 23 नवंबर की रात 10 बजे से 24 नवंबर की सुबह 11 बजे तक यानी लगातार 13 घंटे के लिए भारी वाहनों और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। इस दौरान गंगा घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रहेगी।
सबसे बड़ा बदलाव कारगिल चौक से गायघाट तक किया गया है। कारगिल चौक से पूरब गायघाट तक सभी तरह के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। कारगिल चौक से गायघाट पुल के नीचे तक सभी प्रवेश मार्गों को भी बंद कर दिया जाएगा। हालांकि, खजांची रोड के रास्ते पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में बनी पार्किंग तक वाहन जा सकेंगे। वहीं, कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर की तरफ सामान्य यातायात जारी रहेगा।
जेपी सेतु पर भी यातायात को लेकर सख्त पाबंदी रहेगी। 23 नवंबर की रात 10 बजे से 24 नवंबर की सुबह 11 बजे तक सोनपुर और छपरा से पटना आने वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रशासन ने सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने वाले लोगों से महात्मा गांधी सेतु का इस्तेमाल करने की अपील की है। जेपी सेतु से पटना आने वाले वाहनों को सीधे एप्रोच पथ से अशोक राजपथ की ओर भेजा जाएगा। उन्हें जेपी गंगा पथ पर नीचे उतरने की इजाजत नहीं होगी।
नगर बसों और ऑटो के परिचालन में भी बदलाव किया गया है। बेली रोड से दानापुर और खगौल जाने वाली नगर बसें कारगिल चौक नहीं पहुंचेंगी। इन बसों को गांधी मैदान के गेट नंबर 10 के अंदर पार्क कराया जाएगा। वहीं, गायघाट की ओर जाने वाले व्यावसायिक वाहन अगमकुआं आरओबी से एनएमसीएच और धनुकी मोड़ से डंका इमली चौक तक ही जा सकेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने घाटों के आसपास 14 हजार से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की है। गांधी मैदान, जेपी सेतु पूर्वी घाट, गेट नंबर 93, पाटलिपथ और कुर्जी घाट प्रमुख पार्किंग स्थल होंगे। राहत की बात यह है कि एंबुलेंस, दमकल और मरीजों को ले जाने वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। पीएमसीएच, एम्स, कुर्जी और अरविंद अस्पताल तक पहुंचने के लिए विशेष ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया गया है। किसी परेशानी में जिला नियंत्रण कक्ष 0612-2219810 और यातायात नियंत्रण कक्ष 0612-2219151 पर संपर्क किया जा सकता है।
अनिल की रिपोर्ट