News4Nation की खबर का असर: ₹2000 नकद भी लिए और काट दिया चालान! पटना में सार्जेंट समेत 2 सस्पेंड

पटना ट्रैफिक पुलिस में बड़ी कार्रवाई! कार चालक से ₹2000 नकद लेने के बावजूद पेंडिंग चालान जारी करने और ऑन-ड्यूटी 'बॉडी वॉर्न कैमरा' बंद रखने के आरोप में परिचारी(सार्जेंट)रिंकी कुमारी और महिला सिपाही नीतू कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया

 Patna Traffic Police Corruption sergeant and female constab
News4Nation की खबर का असर: पटना में ट्रैफिक सार्जेंट और महिला सिपाही निलंबित- फोटो : Reporter

राजधानी पटना में ट्राफिक पुलिस में व्यापत करप्शन के खिलाफ लगातार जारी मुहीम का जबरदस्त असर हुआ है। 14 अगस्त को रिश्वतखोरी के खुलासे के तहत Patna Police:  पटना में खाकी पर फिर लगा रिश्वत का काला धब्बा, सार्जेंट रिंकी कुमारी पर 2000 की घूस लेने का गंभीर इल्जाम, शिकायतों पर खामोश एसपी यातायात शीर्षक से लिखी गई ख़बर का जबरदस्त असर हुआ है। पटना में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और संदिग्ध आचरण के आरोप में पुलिस अधीक्षक (यातायात) द्वारा एक परिचारी (सार्जेंट) और एक महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की यह कार्रवाई 19 अगस्त 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सार्वजनिक की गई। दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ अब विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ करने का आदेश दे दिया गया है।


चालान और वसूली के खेल का डीएसपी जांच में खुलासा 

मामले की शुरुआत एक आवेदक द्वारा दी गई शिकायत और प्रस्तुत किए गए ऑडियो क्लिप से हुई थी। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात तृतीय, पटना) से इसकी जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट के अनुसार, परिचारी रिंकी कुमारी ने यातायात पोस्ट पर वाहन संख्या BR01HG3191 (कार) को रोककर ₹5000 शमन (फाइन) की बात कही थी। आवेदक द्वारा अनुरोध करने पर ₹2000 नकद ले लिए गए, लेकिन इसके बावजूद ₹2000 का पेंडिंग चालान भी काट दिया गया।


नकद लेने के बाद भी पेंडिंग चालान जारी करने पर फंसी सार्जेंट 

जांच में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि परिचारी रिंकी कुमारी के संज्ञान में आवेदक से ₹2000 नकद लेने की बात थी। यदि वाहन पर ऑनलाइन या पेंडिंग चालान निर्गत हो गया था, तो नियमतः उन्हें नकद ली गई राशि तुरंत वापस करनी चाहिए थी और इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को देनी चाहिए थी। हालांकि, उन्होंने न तो पैसे लौटाए और न ही वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में कोई जानकारी दी।


बॉडी वॉर्न कैमरा बंद रख नियमों की उड़ाई धज्जियां

 जांच के दौरान पुलिसकर्मियों की एक और गंभीर लापरवाही सामने आई। ड्यूटी के दौरान पोस्ट पर तैनात कर्मियों का 'बॉडी वॉर्न कैमरा' (Body Worn Camera) बंद पाया गया। विशेष रूप से महिला सिपाही नीतू कुमारी (म०सि० / 5648), जिसने आवेदक के वाहन को मोड़कर पोस्ट पर लगवाने में भूमिका निभाई थी, का भी बॉडी वॉर्न कैमरा बंद था। कैमरे को बंद रखना बेहद संदिग्ध और आदेशों का उल्लंघन माना गया।


तत्काल प्रभाव से suspension, विभागीय कार्रवाई का आदेश जारी 

इस घोर लापरवाही, मनमानेपन और अनुशासनहीनता के आधार पर एसएसपी/एसपी ट्रैफिक के आदेश से परिचारी रिंकी कुमारी और महिला सिपाही नीतू कुमारी को 19 अगस्त 2026 से जीवन यापन भत्ते पर निलंबित कर दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि ऑन-ड्यूटी किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या नियमों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।