पीएम मोदी ने सत्ता को सेवा में बदलकर रचा नया कीर्तिमान, कृषि क्षेत्र को मिला नया विस्तार: विजय कुमार सिन्हा

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पीएम नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित राजनेता बनने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि पीएम ने सत्ता को सेवा में बदलकर देश ही नहीं बल्कि दुनिया में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है...

पीएम मोदी ने सत्ता को सेवा में बदलकर रचा नया कीर्तिमान, कृषि
पीएम मोदी ने सत्ता को सेवा में बदलकर रचा नया कीर्तिमान: विजय कुमार- फोटो : वंदना शर्मा

Patna : बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकतांत्रिक भारत के इतिहास में सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित राजनेता बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली की सबसे बड़ी कुंजी उनका 'जनसेवा का भाव' है। उन्होंने सत्ता को महज अधिकार का साधन न मानकर उसे सेवा के माध्यम के रूप में स्थापित किया है। विनम्रता, अटूट समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर प्रधानमंत्री ने न केवल जनविश्वास का नया इतिहास रचा है, बल्कि 'अच्छी नीति पर आधारित राजनीति' की एक ऐसी मिसाल पेश की है जिसकी सराहना आज पूरी दुनिया में हो रही है।


वंचितों को सुशासन के केंद्र में लाना पीएम की सबसे बड़ी सफलता

कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का अभूतपूर्व काम किया है। आज देश में जनधन योजना के तहत करीब 60 करोड़ लोग बैंकिंग प्रणाली से जुड़ चुके हैं, जबकि इतनी ही बड़ी आबादी को 'आयुष्मान भारत योजना' के माध्यम से मुफ्त स्वास्थ्य बीमा का कवच मिला है। इसके अलावा 11 करोड़ महिलाओं को 'उज्ज्वला योजना' के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन और 16 करोड़ से अधिक घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का भगीरथ प्रयास सीधे तौर पर सुशासन के बदलते मानदंडों को दर्शाता है।


डीबीटी से रुका 4 लाख करोड़ का लीकेज, डिजिटल इंडिया में देश अव्वल

विजय कुमार सिन्हा ने आर्थिक सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 51 लाख करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष लाभ (DBT) हस्तांतरित किया है। इस पारदर्शी व्यवस्था से तंत्र में होने वाले करीब 4 लाख करोड़ रुपये के लीकेज (भ्रष्टाचार) को रोकने में बड़ी सफलता मिली है, जो साफ नीयत और सही नीतियों का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने आगे कहा कि आज भारत डिजिटल लेनदेन के मामले में विश्व का नेतृत्व कर रहा है, और महज बीते 8 वर्षों के भीतर देश में डिजिटल ट्रांजैक्शन के ग्राफ में 12 हजार गुना की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है।


मजबूत हुई देश की अन्नदाता व्यवस्था 

कृषि क्षेत्र में आए क्रांतिकारी बदलावों को रेखांकित करते हुए मंत्री ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में भारत की कृषि व्यवस्था में गुणात्मक और संस्थागत सुधार हुआ है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का कृषि बजट 5 गुना तक बढ़ाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम स्वरूप देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में 35 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यही नहीं, कृषि तथा इससे संबद्ध क्षेत्रों (Allied Sectors) में करीब 133 प्रतिशत की सकल मूल्यवृद्धि (GVA) दर्ज की गई है, जिसने किसानों की उत्पादकता, आय सुरक्षा और बाजार तक पहुंच को बेहद सुगम और मजबूत बनाया है।


मखाना-मशरूम में बिहार नंबर वन, 80 लाख किसानों को मिल रही सम्मान निधि

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन का असर बिहार पर दिखने का दावा करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि आज बिहार मखाना और मशरूम के उत्पादन में पूरे देश में पहले पायदान पर काबिज है। इसके साथ ही शहद, सब्जी, आलू और आम के उत्पादन के मामले में भी बिहार देश के शीर्ष पांच राज्यों में शुमार हो चुका है। वर्तमान में राज्य के 80 लाख से अधिक किसानों को सीधे तौर पर 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' का लाभ मिल रहा है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि केंद्र से प्रेरणा लेकर मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार सरकार सूबे के अन्नदाताओं को वित्तीय स्थिरता और सामाजिक सुरक्षा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटी हुई है।


वंदना की रिपोर्ट