शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने किया गांधी मैदान में बापू की प्रतिमा के पास श्रमदान, CJP प्रदर्शन पर खूब भड़के

प्रहलाद जोशी ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी आदर्शों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रेरणा लेकर स्वच्छता को लोगों के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की जरूरत है।

Pralhad Joshi Leads Cleanliness Drive
Pralhad Joshi Leads Cleanliness Drive - फोटो : news4nation

Bihar News :  केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने शनिवार को पटना के गांधी मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास स्वच्छता सेवा अभियान के तहत श्रमदान किया और लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने और स्वच्छता को जनभागीदारी के माध्यम से जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।


प्रहलाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को राष्ट्रीय अभियान के रूप में आगे बढ़ाया है। 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि गंदगी के कारण कई तरह की बीमारियां फैलती हैं। ऐसे में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और बीमारियों की रोकथाम के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है।


उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी आदर्शों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रेरणा लेकर स्वच्छता को लोगों के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की जरूरत है। स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए। इस दौरान बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी भी मौजूद रहे।

कानून-व्यवस्था और मेट्रो सेवाओं पर भी बोले केंद्रीय मंत्री

दिल्ली में मेट्रो सेवाओं पर प्रतिबंध और कानून-व्यवस्था से जुड़े सवाल पर प्रहलाद जोशी ने कहा कि यदि कोई कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या आम नागरिकों को परेशान करने की कोशिश करता है, तो सरकार मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकती। ऐसी स्थिति में जरूरी कदम उठाने पड़ते हैं।


उन्होंने कहा कि मेट्रो सेवाओं पर प्रतिबंध के संबंध में मुख्य न्यायाधीश ने उचित प्रतिबंधों की बात कही है और जरूरी कदम उठाने का फैसला दिल्ली पुलिस करेगी। उन्होंने सुरक्षा को भी महत्वपूर्ण बताया।

ममता बनर्जी सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

राजनीतिक बयान में प्रहलाद जोशी ने कहा कि भाजपा ने हाल के चुनावों में जीत दर्ज की है और पार्टी का प्रदर्शन उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड तथा गोवा में भी जारी रहने की उम्मीद है। पश्चिम बंगाल में भाजपा के विस्तार का जिक्र करते हुए उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर कुशासन और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों को राजनीतिक नाटक बताते हुए आरोप लगाया कि यह चुनावी हार स्वीकार नहीं करने की कोशिश है।