Bihar politics: प्रशांत किशोर आज फूंकेंगे चुनावी बिगुल, पटना में जनसुराज की पहली बड़ी रैली, सीएम नीतीश-तेजस्वी के खिलाफ भरेंगे हुंकार, जानिए क्या है पीके का मास्टर प्लान

Bihar politics: जनसुराज के सुत्रधार प्रशांत किशोर आज पटना के गांधी मैदान से चुनावी बिगुल फूंकेंगे। जनसुराज की ओऱ आज गांधी मैदान में बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है।

प्रशांत किशोर
पीके की बिहार बदलाव रैली - फोटो : social Media

Bihar politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। सभी पार्टी अपने अपने स्तर पर तैयारियों में जुट गई है। इसी कड़ी में आज का दिन बिहार की राजनीति के लिए अहम होने वाला है। एक ओर जहां कांग्रेस नेता सह एनएसयूआई राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार सीएम हाउस का घेराव करने वाले हैं तो वहीं दूसरी ओर जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पटना के गांधी मैदान में बड़ी रैली का आयोजन कर रहे हैं। साफ शब्दों में कहे तो कांग्रेस और जनसुराज आज अपना शक्ति प्रदर्शन करेगा। दोनों ही पार्टियों ने इसको लेकर अपनी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। प्रशांत किशोर आज पटना के गांधी मैदान में बिहार बदलाव रैली का आयोजन कर रहे हैं। रैली को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। 

आज चुनावी बिगुल फूंकेंगे पीके 

दरअसल, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी आज यानी शुक्रवार (11 अप्रैल) को पटना के गांधी मैदान में अपनी पहली भव्य रैली आयोजित कर रही है। इस ‘बिहार बदलाव रैली’ को पार्टी के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत यानी शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है। गांधी मैदान में रैली की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर भर में जन सुराज के पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं, जिनमें लिखा गया है कि "फैसला गांधी मैदान में होगा"। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशांत किशोर मंच से क्या बड़ा ऐलान करने वाले हैं।

पार्टी का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन

बता दें कि, जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने खुद तैयारियों का जायजा लिया है। गांधी मैदान में एक मुख्य मंच के अलावा एक अतिरिक्त मंच भी तैयार किया गया है जिसे दक्षिण भारत की रैलियों की तर्ज पर रैंप से जोड़ा गया है। इस रैंप से प्रशांत किशोर मंच पर चलते हुए अपना भाषण देंगे। रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी पिछले कई हफ्तों से व्यापक तैयारी में जुटी थी। कार्यकर्ताओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था मेरिन ड्राइव के पास स्थित बिहार सत्याग्रह आश्रम में की गई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम से ही हजारों कार्यकर्ता पटना पहुंचने लगे थे।

Nsmch

रैली को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद

रैली में भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने गांधी मैदान में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। लगभग 300 पुलिसकर्मियों और एक दर्जन से अधिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। कंट्रोल रूम गांधी मैदान के गेट नंबर 1 के पास स्थापित किया गया है। जहां से पूरे कार्यक्रम पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वाहनों की पार्किंग मरीन ड्राइव,अटल पथ और दीघा एम्स एलिवेटेड रोड पर की जाएगी। गांधी सेतु और जेपी सेतु से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। ई-रिक्शा की व्यवस्था पार्टी द्वारा की गई है ताकि कार्यकर्ताओं को गांधी मैदान तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो।

शाम को प्रशांत किशोर का संबोधन

रैली में प्रशांत किशोर शाम करीब 4 बजे गांधी मैदान पहुंचेंगे और देर शाम तक उनका संबोधन चलेगा। पार्टी ने दावा किया है कि यह रैली सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रदेश की राजनीति में बदलाव की नींव रखने वाला जन आंदोलन होगा। प्रशांत किशोर ने अब तक राज्य के 12 जिलों में ‘उद्घोष यात्रा’ की है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। पार्टी का मानना है कि यह रैली जनसंपर्क और संगठन विस्तार का एक मजबूत मंच साबित होगी।