Bankipur Bypoll: बांकीपुर में चौथे राउंड के बाद भी प्रशांत किशोर आगे, 1145 वोटों की बढ़त, भाजपा के गढ़ में कांटे की टक्कर

Bankipur Bypoll: पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना के बीच चौथे राउंड के बाद भी जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं।...

Prashant Kishor Leads Bankipur by 1145 Votes After Round 4
बांकीपुर में चौथे राउंड के बाद भी प्रशांत किशोर आगे- फोटो : social Media

Bankipur Bypoll: पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना के बीच चौथे राउंड के बाद भी जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं। शुरुआती रुझानों में लगातार आगे चल रहे प्रशांत किशोर ने भाजपा के मजबूत गढ़ में मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है। हालांकि अभी मतगणना के कई राउंड बाकी हैं, इसलिए अंतिम नतीजे तक चुनावी तस्वीर बदलने की पूरी संभावना बनी हुई है।

ताजा आंकड़ों के अनुसार, चौथे राउंड तक प्रशांत किशोर को कुल 6,269 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के खाते में 5,124 वोट आए हैं। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को अब तक 884 वोट मिले हैं। इस तरह चौथे राउंड के बाद प्रशांत किशोर 1,145 वोटों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। हालांकि चौथे राउंड की अलग-अलग गिनती में भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 1,254 वोट, जबकि जन सुराज के प्रशांत किशोर को 1,237 वोट मिले हैं। वहीं राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के खाते में 117 वोट आए हैं। इसके बावजूद शुरुआती राउंड में मिली बढ़त के कारण प्रशांत किशोर कुल मतों में आगे चल रहे हैं। ये आंकड़े जन सुराज की ओर से जारी दावों पर आधारित हैं।

बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत राजनीतिक किला रही है। ऐसे में शुरुआती रुझानों में प्रशांत किशोर की बढ़त ने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर अब इस बात पर है कि क्या जन सुराज इस बढ़त को अंतिम परिणाम तक कायम रख पाएगा या भाजपा अपने पारंपरिक वोट बैंक के सहारे मुकाबले में वापसी करेगी।

इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं और करीब 1.30 लाख मतों की गणना की जा रही है। पटना के एएन कॉलेज में मतगणना 14 टेबलों पर 31 राउंड में पूरी की जा रही है। प्रत्येक राउंड के बाद निर्वाचन पदाधिकारी आधिकारिक आंकड़े जारी कर रहे हैं, जिससे मुकाबले की तस्वीर लगातार साफ होती जा रही है। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एएन कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस तथा केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। साथ ही विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

फिलहाल बांकीपुर का चुनावी रण बिहार की राजनीति का सबसे चर्चित मुकाबला बन चुका है। प्रशांत किशोर की बढ़त ने जहां नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है, वहीं भाजपा के लिए अपने मजबूत किले को बचाने की चुनौती सामने खड़ी है। अब सबकी निगाहें अगले राउंड की मतगणना पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि यह बढ़त बरकरार रहती है या मुकाबला फिर से पलटता है।