Prashant Kishor Rally: पटना के गांधी मैदान से प्रशांत किशोर का ऐलान- कोई नहीं रोक सकता बदलाव की आंधी, नीतीश सरकार को उखाड़ फेकने लिए भरी हुंकार
Prashant Kishor Rally: जन सुराज के संस्थापक और चर्चित रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने पटना के गांधी मैदान में बिहार बदलाव रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में बदलाव की आंधी को कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने जनता की सरकार बनाने का दावा भी किया।

Patna: बिहार में बदलाव की ज्वाला लेकर चले प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को पटना के गांधी मैदान में बिहार बदलाव रैली के दौरान विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग प्रशांत किशोर को सुनने के लिए बिहार के अलग अलग जिलों से पटना के गांधी मैदान में पहुंचे। प्रशांत किशोर को सुनने के लिए हजारों लोगों ने कई घंटे कड़ी धूप में उनका इंतजार किया।
भाषण देने नहीं, माफी मांगने आया हूं- किशोर
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं यहां भाषण देने नहीं आया हूं। मैं यहां माफी मांगने आया हूं। आज यहां पांच लाख लोगों को लेकर सभा करने वाले थे। दो लाख से ज्यादा लोग पटना के अलग अलग जगहों पर फंसे हुए हैं। यहां इतनी निकम्मी सरकार है कि लोगों की मदद नहीं कर पा रहे है। यहीं गांधी मैदान में रात में नीतीश कुमार की पुलिस मुझे पकड़ने आई थी। उसी दिन मैंने कहा था, फैसला गांधी मैदान में ही होगा।
बदलाव की आंधी को कोई रोक नहीं सकता
प्रशांत किशोर ने कहा कि हजारों महिलाएं सड़क पर मेरी वजह से पैदल चल रही है। आज से दस दिन के अंदर मैं यात्रा पर निकलूंगा और आपके घर घर तक पहुंचूंगा। बिहार में बदलाव की आंधी कोई रोक नहीं सकता है। वहीं नीतीश कुमार को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार को यहां से उखाड़ कर फेंकना है। लालू नीतीश मोदी का राज चाहिए या जनता का राज चाहिए। जनता का राज चाहिए तो मेरे भाई छह महीने तक कमर कस लीजिए। नवंबर में जनता की सरकार बना कर देंगे।
नीतीश का करेंगे राजनीतिक श्राद्ध
अगर 2015 में मैंने नीतीश कुमार की मदद नहीं की होती तो ये संन्यास लेकर बैठे होते। प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार का राजनीति श्राद्ध जन सुराज के लोग करेंगे। जो शादी कराता है वहीं श्राद्ध भी कराता है। बिहार में जो अफसर शाही बनाई है वो अब चलेगी नहीं। इन अफसरों को जड़ से उखाड़ कर फेंकिएगा। इस बार इन नीतीश की अफसरों को जनता उखाड़ कर जाएगी।
पटना से अभिजीत सिंह की रिपोर्ट