Weather Forecast: मौसम विभाग ने बजाई खतरे की घंटी!अगले 12 घंटे में 15 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का खतरा, 70 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
Weather Forecast: देश के 15 राज्यों में बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट किया गया है। बिहार, यूपी, दिल्ली, राजस्थान, केरल और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में मौसम बदलेगा।
Weather Forecast: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ असम और Arunachal Pradesh में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, तो दूसरी तरफ Delhi NCR और Rajasthan के कई इलाकों में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं। इस बीच मौसम विभाग ने बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान को लेकर 15 राज्यों के लिए नया अलर्ट जारी किया है। अगले 12 घंटे के भीतर इन राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है। कई जगहों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर तेलंगाना और आसपास के इलाकों के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण अभी भी सक्रिय है। यह समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। वहीं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर भी लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट के ऊपर बना चक्रवाती सिस्टम अब कमजोर पड़ गया है।
दिल्ली-NCR में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, केरल, तमिलनाडु और असम के लिए मौसम अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में लोगों को जल्द गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जून और 1 जुलाई को बारिश के साथ आंधी-तूफान आ सकता है। इन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। एक जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
उत्तर प्रदेश और बिहार के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में आज भारी बारिश का अलर्ट है। प्रयागराज, कानपुर, आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, सीतापुर, मोरादाबाद, बहराइच, गोंडा, बाराबंकी, अमेठी, बस्ती, मिर्जापुर, सुल्तानपुर, सोनभद्र, जौनपुर, चंदौली, फतेहपुर और चित्रकूट में भारी बारिश हो सकती है। यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बिहार में भी मौसम खराब रहने वाला है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, पटना, सीतामढ़ी, गोपालगंज, सारण, सिवान, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, सहरसा, भागलपुर, अररिया, मुंगेर और बेगूसराय में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवा चल सकती है।
राजस्थान में मौसम का हाल
राजस्थान में बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस हफ्ते बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी। जयपुर में 2 जुलाई से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 200 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों में जनजीवन प्रभावित है और कई जगह भूस्खलन की घटनाएं भी हुई हैं।
देश दक्षिणी हिस्सों के मौसम का हाल
केरल में 29 जून से 2 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट है। कासरगोड, कन्नूर, वायनाड और कोझिकोड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बाकी 10 जिलों में येलो अलर्ट है। कई जगहों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। तमिलनाडु में चेन्नई, नीलगिरि, थेनी, डिंडीगुल, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, रानीपेट, वेल्लोर, तिरुपत्तूर, तिरुवन्नामलाई और विल्लुपुरम समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कोयंबटूर के पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें। तेज हवा, बारिश और बिजली गिरने के दौरान खास सावधानी बरतने की जरूरत है।