Ram Navami 2026: पटना में भव्य रूप से मनाई जाएगी रामनवमी, 52 शोभायात्राओं से राममय होगा शहर, नितिन नवीन ने किया ऐलान
Ram Navami 2026: हर साल की तरह इस बार भी राजधानी पटना के श्रीराम चौक, डाकबंगला पर भव्य तरीके से रामनवमी का आयोजन किया जाएगा। रामनवमी के दिन शहर के अलग-अलग हिस्सों से 52 भव्य शोभायात्राएं निकलेंगी, जो पूरे पटना को राममय बना देंगी।
Ram Navami 2026: सनातन आस्था के आराध्य भगवान श्रीराम के प्राकट्य का पर्व रामनवमी इस वर्ष भी राजधानी पटना में भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसको लेकर श्री श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा नेता एवं श्री श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति के संयोजक नितिन नवीन ने समिति के अध्यक्ष जगजीवन सिंह ‘बब्लू’ और अन्य सदस्यों के साथ प्रेस वार्ता कर 27 मार्च को आयोजित होने वाली रामनवमी शोभायात्रा की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि रामनवमी सनातन आस्था का प्रमुख पर्व है और यह भगवान श्रीराम के प्राकट्य का उत्सव है। हर वर्ष की तरह इस बार भी राजधानी पटना में भव्य आयोजन किया जाएगा।
51 झांकियां और 52 शोभायात्राएं
उन्होंने बताया कि पटना के विभिन्न मोहल्लों से निकलने वाली 51 आकर्षक झांकियां इस शोभायात्रा का हिस्सा होंगी। ये झांकियां दीघा से ट्रांसपोर्ट नगर और सिपारा से गायघाट तक के अलग-अलग क्षेत्रों की पूजा समितियों द्वारा निकाली जाएंगी। वहीं रामनवमी के दिन शहर के विभिन्न हिस्सों से 52 भव्य शोभायात्राएं निकलेंगी, जो पूरे पटना को राममय बना देंगी। इन झांकियों में भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और उनके आदर्शों को दर्शाया जाएगा।
दो लाख महावीर ध्वज का होगा वितरण
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी होगी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर राम ध्वज लगाए जा रहे हैं और सनातन धर्मावलंबियों से अपने घरों पर भी राम ध्वज लगाने की अपील की गई है। समिति की ओर से करीब दो लाख महावीर ध्वज लोगों के घरों तक पहुंचाए जाएंगे। इसके अलावा एक लाख विक्रम संवत कैलेंडर भी वितरित किए जाएंगे। पूजा समितियों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे अपने आसपास की झुग्गी और दलित बस्तियों में जाकर भी श्रीराम ध्वज स्थापित करें।
शहर में होगी विशेष सजावट
रामनवमी शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए पटना के मुख्य मार्गों पर आकर्षक तोरण द्वार और सजावटी व्यवस्थाएं की जाएंगी। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और शरबत की व्यवस्था भी रहेगी। इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देने पटना पहुंचेंगे। इसमें मुंबई की प्रसिद्ध बैंड, झारखंड की नृत्य मंडली, काशी से गंगा आरती की टीम और बंगाल के चंदननगर की आकर्षक लाइटिंग से डाकबंगला स्थित श्रीराम चौक को सजाया जाएगा। मुख्य मंच को भगवान श्रीराम और हनुमान जी की आकृतियों से सजाया जाएगा।
कई बड़े नेता होंगे शामिल
इस भव्य आयोजन में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित बिहार सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक शामिल होंगे। प्रेस वार्ता में समिति के सदस्य संतलाल राय, सुजय सौरभ, राजेश जैन, गोपाल कृष्ण, नितिन अभिषेक, अक्षय कुमार और पवन भगत सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं राज्यसभा की पांच सीटों पर एनडीए की जीत को लेकर पूछे गए सवाल पर नितिन नवीन ने टिप्पणी करने से बचते हुए अंत में सिर्फ इतना कहा- “जय श्रीराम।”
पटना से वंदना की रिपोर्ट