रानीतालाब में आधी रात पुलिस और खनन विभाग का ताबड़तोड़ छापा: तीन गांवों में मिला अवैध बालू का बड़ा स्टॉक,ज़ब्त

रानीतालाब थाना क्षेत्र में अवैध बालू के खिलाफ पुलिस और खनन विभाग की अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई! सेलगढ़, जीतन छपरा और शारदा छपरा में अवैध बालू का भारी स्टॉक सील। डीएसपी-2 पंकज कुमार शर्मा ने दिया बिक्रम CO को जमीन मालिकों पर FIR का निर्देश।

pant ranitalab illegal sand mining raid
रानीतालाब में आधी रात पुलिस और खनन विभाग का ताबड़तोड़ छापा- फोटो : Reporter

पटना जिले के रानीतालाब थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और उसके अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार और  शुक्रवार की दरमियानी  रात वरीय अधिकारियों के गुप्त निर्देश पर डीएसपी-2 (पालीगंज) पंकज कुमार शर्मा के नेतृत्व में रानीतालाब थाना पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने कई संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ व्यापक छापेमारी की। इस औचक कार्रवाई के दौरान थाना क्षेत्र के सेलगढ़, जीतन छपरा और शारदा छपरा गांवों में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से डंप किया गया बालू बरामद हुआ, जिसे प्रशासनिक टीम ने तुरंत जब्त करते हुए सील कर दिया। इस बड़ी कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

जमीन मालिकों पर भी गिरेगी गाज: बिक्रम CO को FIR दर्ज करने का निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी-2 पंकज कुमार शर्मा ने साफ किया है कि इस बार न केवल बालू तस्करों, बल्कि उन्हें शह देने वाले भू-स्वामियों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन भी निजी भूखंडों पर अवैध रूप से बालू का भंडारण पाया गया है, उन सभी जमीन मालिकों को चिन्हित किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने बिक्रम अंचलाधिकारी (CO) को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे संबंधित जमीन मालिकों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराएं। डीएसपी ने कहा कि चंद पैसों के लालच में माफियाओं को अपनी जमीन उपलब्ध कराने वाले भूमि स्वामी अब किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।

बालू माफियाओं को डीएसपी की अंतिम चेतावनी: सुधर जाएं, वरना जेल जाएंगे

प्रेस को संबोधित करते हुए डीएसपी शर्मा ने बालू माफियाओं और सिंडिकेट को बेहद कड़े लहजे में अंतिम चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि माफिया अपनी अवैध गतिविधियों में तुरंत सुधार कर लें, अन्यथा उनके खिलाफ ऐसी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी जिससे वे उबर नहीं पाएंगे। प्रशासन ने अपना रुख साफ कर दिया है कि रानीतालाब और पालीगंज अनुमंडल के किसी भी हिस्से में अवैध खनन, अवैध भंडारण या बिना चालान के बालू के परिवहन को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वाले सीधे सलाखों के पीछे भेजे जाएंगे।


टीम में शामिल रहे आला अधिकारी, आम जनता से भी की गई विशेष अपील

प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में चल रही तमाम संदिग्ध और अवैध गतिविधियों पर खुफिया तंत्र के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है और यह दंडात्मक अभियान लगातार जारी रहेगा। इस सफल संयुक्त छापेमारी अभियान में मुख्य रूप से प्रशिक्षु डीएसपी सह रानीतालाब थाना प्रभारी विनय कुमार रंजन, खनन विभाग के इंस्पेक्टर उत्तम मणि के साथ-साथ भारी संख्या में पुलिस बल के जवान मुस्तैद रहे। अंत में, पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने आस-पास हो रहे किसी भी प्रकार के अवैध खनन या भंडारण की गुप्त सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।

रिपोर्ट - ऋषिकेश कुमार