पटना में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग: दहशत का माहौल, घटनास्थल से 7 खोखे बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पीरबहोर थाना क्षेत्र के नया गांव में बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। मामले पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले मे त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को धर दबोचा है....
Patna : राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित नया गांव में अपराधियों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। दोपहर करीब दो बजे पूर्व के विवाद को लेकर अपराधियों ने लगातार सात से आठ राउंड गोलियां चलाईं और दहशत फैलाने की कोशिश की। इस दौरान बबलू यादव नामक व्यक्ति के साथ मारपीट की सूचना भी सामने आई है।
पुलिस ने बरामद किए 7 खोखे, शशि गोप गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुल सात खोखे बरामद किए हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी शशि गोप को गिरफ्तार कर लिया है।
छोटू गोप समेत कई नामजद, फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
मामले में छोटू गोप, शशि गोप सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार चल रहे अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
अनिल की रिपोर्ट