Bihar News: प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद सिंह का आकस्मिक निधन, सीएम नीतीश के साथ की थी राजनीतिक जीवन की शुरुआत

Bihar News: प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद सिंह का आक

बिहार के नवादा जिले के सुप्रसिद्ध चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद सिंह का आकस्मिक निधन हो गया है। उनके निधन की खबर मिलते ही पुर नवादा में शोक की लहर दौड़ गई। पुरानी जेल रोड स्थित उनके आवास पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, चिकित्सक समुदाय, पूर्व राज्य मंत्री, पूर्व विधायक और आम जनता बड़ी संख्या में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

कैंसर को दो बार दी मात 

डॉ. सिंह नवादा जिले के सबसे लोकप्रिय डॉक्टरों में से एक थे। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में लंबे समय तक सेवा दी और हजारों मरीजों को नई जिंदगी प्रदान की। छात्र जीवन से लेकर सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र तक उनकी सक्रिय भूमिका रही। वे सरल स्वभाव, मृदुभाषी और समर्पित व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। हाल ही में उन्होंने कैंसर जैसी घातक बीमारी को दो बार मात दी थी, जिस पर चिकित्सक समुदाय ने उनके हौसले की सराहना की थी।

ईशान किशन के परिवार नवादा पहुंचा

डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद सिंह के अंतिम यात्रा में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन के परिवार के सदस्य भी पहुंचे हैं। ईशान किशन और उनका पूरा परिवार डॉ. सिंह जी से गहरा लगाव रखता था। हाल ही में ईशान किशन नवादा आए थे और उनसे मुलाकात की थी। निधन की खबर मिलते ही ईशान किशन का परिवार अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए नवादा पहुंच चुका है। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।

नवादा में शोक की लहर 

पूरी नवादा में शोक व्याप्त है। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, चिकित्सक दल और स्थानीय नागरिक उनके योगदान को याद कर भावुक हो रहे हैं। डॉ. सिंह जी ने न सिर्फ चिकित्सा सेवा दी, बल्कि समाजसेवा में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निधन से जिले में एक युग का अंत हो गया है। लोग ईश्वर से उनकी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना कर रहे हैं और शोकाकुल परिवार को संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। सबका कहना है कि नवादा के लोग उनकी सेवा, समर्पण और सरल व्यक्तित्व को हमेशा याद रखेंगे। 

नवादा से अमन की रिपोर्ट