Bihar Politics : बिहार में होगा बड़ा सियासी उलटफेर, मलमास से पहले भाजपा का दामन थाम सकती है रीतु जायसवाल

Bihar Politics : आरजेडी (RJD) की प्रमुख महिला चेहरा और प्रखर वक्ता रही रीतु जायसवाल जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने जा रही हैं।

Bihar Politics : बिहार में होगा बड़ा सियासी उलटफेर, मलमास से
बीजेपी में जायेंगी रितु जायसवाल - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। आरजेडी (RJD) की प्रमुख महिला चेहरा और प्रखर वक्ता रही रीतु जायसवाल जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार, उनकी जॉइनिंग को लेकर प्रदेश नेतृत्व के साथ सहमति बन चुकी है और पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में भव्य मिलन समारोह की तैयारी की जा रही है।

शुभ मुहूर्त का रखा गया ध्यान

रीतु जायसवाल की भाजपा में जॉइनिंग की समय सीमा बेहद दिलचस्प रखी गई है। जानकारी के मुताबिक, उनकी जॉइनिंग 17 मई 2026 से पहले संपन्न होगी। दरअसल, 17 मई से हिंदू कैलेंडर के अनुसार 'मलमास' (पुरुषोत्तम मास) शुरू हो रहा है, जिसे किसी भी नए और मांगलिक कार्य के लिए शुभ नहीं माना जाता। इसी धार्मिक मान्यता को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने मलमास शुरू होने से पहले ही उनकी जॉइनिंग कराने का फैसला लिया है।

राजद के लिए बड़ा राजनीतिक झटका

रीतु जायसवाल को राजद के भीतर एक सशक्त और जुझारू नेता के तौर पर देखा गया है। वे न केवल पार्टी की आधिकारिक प्रवक्ता रही हैं, बल्कि अपनी वाकपटुता और तार्किक बहस के लिए जानी जाती हैं। उनका भाजपा में जाना राजद के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। मूल रूप से बिहार के हाजीपुर की रहने वालीं रितु जायसवाल की शादी 1995 बैच के आईएएस अफसर अरुण कुमार से हुई थी। साल 1996 में शादी के बाद रितु भी दिल्ली में एक पब्लिक स्कूल में पढ़ाती थीं। रितु ने शहर के ऐश-ओ-आराम को छोड़ सिंहवाहिनी में रहने का मन बनाया और साल 2016 में मुखिया का चुनाव भी लड़ा। वह पहली बार में ही रिकॉर्ड वोटों से जीत गईं। पंचायत की मुखिया बनने वालीं रितु पहली महिला थीं। बाद में उन्होंने परिहार विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ी। 

पटना में होगा भव्य मिलन समारोह

उनकी जॉइनिंग के लिए बिहार की राजधानी पटना को चुना गया है। इस समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि रीतु जायसवाल के आने से भाजपा को आगामी चुनावों में एक नया और अनुभवी चेहरा मिलेगा, जो विपक्ष के हमलों का मजबूती से जवाब देने में सक्षम है।

नई पारी की तैयारी

रीतु जायसवाल की इस नई पारी को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं। अब भाजपा में उनकी क्या भूमिका होगी और उन्हें आगामी समय में क्या जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। फिलहाल, भाजपा कार्यकर्ता उनके स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं।