Bihar politics: आरक्षण खत्म नहीं होगा, समीक्षा से दिक्कत क्या? मंगनी लाल मंडल ने PK से लेकर सम्राट चौधरी तक पर साधा निशाना

Bihar politics:राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने तेजस्वी यादव की ओर से बुलाई गई पार्टी की बैठक को लेकर कहा कि यह बैठक लगातार 27 सितंबर तक चलेगी।...

RJD Chief Mangni Lal Mandal Targets BJP PK Over Bihar Politi
बुलाई गई राजद की बैठक - फोटो : reporter

Bihar politics:राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने तेजस्वी यादव की ओर से बुलाई गई पार्टी की बैठक को लेकर कहा कि यह बैठक लगातार 27 सितंबर तक चलेगी। उन्होंने कहा कि बैठक में इस बात पर मंथन होगा कि राजद किस तरीके से जनता के बीच पहुंचेगा, संगठन को किस तरह मजबूत किया जाएगा और आने वाले समय में संगठन को किस रणनीति के तहत चलाया जाएगा। मंडल के मुताबिक, बैठक में कई अहम फैसले लिए जाएंगे।

आरक्षण के मुद्दे पर मंगनी लाल मंडल ने कहा कि आरक्षण उनका अधिकार है और इसे कभी खत्म नहीं किया जा सकता। हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर आरक्षण की समीक्षा की बात होती है तो इसमें दिक्कत क्या है। उनके इस बयान को आरक्षण को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच अहम माना जा रहा है।

प्रशांत किशोर की बैठक में बिहार के मुख्य सचिव, डीजीपी समेत कई बड़े अधिकारियों के शामिल होने और तस्वीर सामने आने पर राजद प्रदेश अध्यक्ष ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद पहले ही कह चुका है कि प्रशांत किशोर भाजपा के डमी कैंडिडेट हैं। मंडल ने आरोप लगाया कि डमी कैंडिडेट के साथ मुख्यमंत्री की बैठक होना स्वाभाविक है और इसमें कोई नई बात नहीं है। उन्होंने इसे भाजपा का ‘छुपा हुआ एजेंडा’ करार दिया।

अधिकारियों के बैठक में शामिल होने को लेकर भी मंडल ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस तरह से बैठक हुई और उसकी तस्वीर सामने आई, उससे अधिकारियों के मनोबल पर बुरा असर पड़ने वाला है।वहीं बिहार में बाढ़ को लेकर सत्ता पक्ष के इस दावे पर कि सम्राट चौधरी के कारण बिहार में बाढ़ नहीं आई, मंगनी लाल मंडल ने तंज कसा। उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि क्या सम्राट चौधरी के पास कोई ‘दैवी शक्ति’ है? अगर ऐसी शक्ति है तो उन्हें नेपाल भी जाना चाहिए और वहां भी अपनी दैवी शक्ति दिखानी चाहिए। उनके इस बयान के बाद बिहार की सियासत में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह