Bihar Politics: राज्यसभा चुनाव में हार के बाद तेजस्वी पर जमकर बरसे शिवानन्द तिवारी, कहा- पराजय से ज्यादा बुरा है मैदान छोड़ देना
Bihar Politics: राज्यसभा चुनाव में राजद उम्मीदवार को करारी हार मिली है। रिजल्ट के बाद तेजस्वी कोलकाता के रवाना हो गए। जिसके बाद राजद के वरिष्ठ नेता ने तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला बोला है।
Bihar Politics: बिहार में राज्यसभा चुनाव के बाद सियासी सरगर्मी सातवें आसमान पर है। राज्यसभा चुनाव में एनडीए ने सभी 5 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस के 3 और राजद के 1 विधायक के वोट ना डालने के कारण राजद उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। वहीं राज्यसभा चुनाव के परिणाम आने के तुरंत बाद राजद के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कोलकाता के लिए रवाना हो गए। जिसके बाद राजद के वरिष्ठ नेता ने तेजस्वी पर बड़ा हमला बोला है।
राजद नेता का हमला
बता दें कि, शिवानंद तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। शिवानंद तिवारी ने कहा कि पराजय से ज्यादा बुरा है हार के बाद मैदान छोड़ देना। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में हार के बाद तेजस्वी यादव कोलकाता के लिए रवाना हो गए। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले विधानसभा चुनाव में हार के बाद भी तेजस्वी बिहार छोड़कर यूरोप यात्रा पर चले गए थे।
मैदान छोड़ निकल गए तेजस्वी
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो नेता हार के बाद मैदान छोड़ देते हैं, उनके साथ समर्थक लंबे समय तक नहीं टिकते। तिवारी के इस बयान से बिहार की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव में एनडीए ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की है, जिसके बाद महागठबंधन के भीतर भी असंतोष की खबरें सामने आ रही हैं।

ऐसे नेताओं का साथ नहीं देते समर्थक
दरअसल, शिवानंद तिवारी ने अपने सोशल मीडिया पर ट्विट कर कहा कि, "पराजय से ज़्यादा बुरा है पराजय के उपरांत मैदान छोड़ देना. सुना है तेजस्वी कोलकाता के लिए निकल गए। इसके पूर्व विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद भी उन्होंने बिहार छोड़ दिया था। बीबी-बच्चों के साथ पिकनिक मनाने के लिए यूरोप की यात्रा पर निकल गए थे। पराजय के बाद रण छोड़ देने वाले नेताओं के साथ उनके समर्थक नहीं टिकते"।