Bihar Politics: राबड़ी के मुंहबोले भाई सुनील सिंह पर राजद ने लगाया दांव, आज करेंगे नामांकन, न्यूज4नेशन के खबर पर लगी मुहर
Bihar Politics: न्यूज4नेशन की खबर पर मुहर लगाते हुए राजद ने पूर्व विधान परिषद सदस्य और पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह को उम्मीदवार बनाया है।...
Bihar Politics: पटना की सियासत में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। बिहार विधान परिषद की 10 सीटों, जिनमें एक उपचुनाव की सीट भी शामिल है, के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। सुबह 10 बजे के बाद सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवार बिहार विधानसभा परिसर पहुंचकर रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार को लेकर है, जहां पार्टी ने आखिरकार अपने पत्ते खोल दिए हैं।
न्यूज4नेशन की खबर पर मुहर लगाते हुए राजद ने पूर्व विधान परिषद सदस्य और पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह को उम्मीदवार बनाया है। राजनीतिक गलियारों में सुनील सिंह को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का मुंहबोला भाई माना जाता है, जिसके चलते उनकी उम्मीदवारी ने सियासी हलकों में नई बहस छेड़ दी है। सुनील सिंह आज सुबह 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
विधान परिषद चुनाव का गणित भी कम दिलचस्प नहीं है। एक उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए लगभग 28 विधायकों के समर्थन की जरूरत पड़ती है। ऐसे में विपक्षी खेमे की सबसे बड़ी पार्टी राजद के सामने संख्या बल की चुनौती साफ दिखाई दे रही है। राजद के पास फिलहाल 25 विधायक हैं, इसलिए उसे अपनी जीत का रास्ता आसान बनाने के लिए कांग्रेस, एआईएमआईएम और अन्य विपक्षी दलों के समर्थन पर भरोसा करना होगा।
सियासी जानकारों का मानना है कि मौजूदा विधानसभा समीकरणों को देखते हुए महागठबंधन के खाते में केवल एक सीट आने की संभावना ज्यादा मजबूत दिखाई दे रही है। दूसरी ओर सत्ताधारी गठबंधन अपने संख्या बल के दम पर अधिकांश सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
नामांकन के अंतिम दिन विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां चरम पर रहने वाली हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विपक्ष अपनी एकजुटता कितनी मजबूती से प्रदर्शित कर पाता है और विधान परिषद की इस जंग में कौन-सा खेमा अपनी सियासी पकड़ को और मजबूत करता है।
रंजन सिंह की एक्सलूसिव रिपोर्ट