Bihar Politics:राबड़ी की सियासी चाल पर तेजप्रताप का दांव, MLC सीट पर सियासी बवाल, तेजप्रताप ने RJD का ऑफर ठुकराया, अपनी पार्टी से दावेदारी पर कायम

Bihar Politics: एक तरफ तेजप्रताप यादव अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश में जुटे हैं, वहीं तेजस्वी यादव पार्टी की पकड़ कमजोर नहीं होने देना चाहते।..

Tej Pratap
राबड़ी की सियासी चाल पर तेजप्रताप का दांव- फोटो : social Media

Bihar Politics: राजद की एकमात्र संभावित एमएलसी सीट अब परिवार के भीतर प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गई है। बिहार विधान परिषद चुनाव ने राजद की राजनीति में भूचाल ला दिया है। एक तरफ तेजप्रताप यादव अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश में जुटे हैं, वहीं तेजस्वी यादव पार्टी की पकड़ कमजोर नहीं होने देना चाहते।बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर 18 जून को होने वाले चुनाव ने राजद खेमे में नई हलचल पैदा कर दी है। बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले राजद में सियासी उबाल चरम पर पहुंच गया है। एक तरफ राबड़ी देवी अपने बेटे तेजप्रताप यादव को विधान परिषद भेजने की तैयारी में थीं, तो दूसरी तरफ तेजप्रताप ने अपनी अलग राजनीतिक पहचान का झंडा बुलंद कर दिया। यही वजह है कि लालू परिवार की अंदरूनी सियासत अब खुली बहस का मुद्दा बन चुकी है।

सूत्रों के मुताबिक तेजप्रताप यादव राजद के सिंबल पर नहीं, बल्कि अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल के बैनर तले विधान परिषद पहुंचना चाहते हैं। यही शर्त तेजस्वी यादव को नागवार गुजर रही है। तेजस्वी नहीं चाहते कि राजद की एकमात्र सुरक्षित सीट किसी अलग पहचान की राजनीति का जरिया बने। ऐसे में परिवार के भीतर खामोश तनातनी खुलकर सामने आने लगी है।

243 सदस्यीय विधानसभा में एक एमएलसी सीट जीतने के लिए 25 वोट जरूरी हैं। महागठबंधन के पास कुल 35 विधायक हैं, जिनमें राजद के 25 विधायक शामिल हैं। संख्या बल के हिसाब से गठबंधन सिर्फ एक सीट निकाल सकता है। ऐसे में राजद के सामने उम्मीदवार चयन सबसे बड़ा सिरदर्द बन गया है।

उधर, रोहिणी आचार्य की नाराजगी ने भी राजद की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लालू यादव सिंगापुर में उनसे मुलाकात कर परिवार और पार्टी के रिश्तों को फिर मजबूत करने की कोशिश करेंगे। अगर बात बन गई तो रोहिणी को विधान परिषद भेजा जा सकता है।विधानसभा चुनाव के बाद से रोहिणी लगातार तेजस्वी की टीम पर सवाल उठाती रही हैं और परिवार से दूरी बनाए हुए हैं।

अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि लालू परिवार की सियासी विरासत में अगला दांव किसके नाम होगा।