बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही राजद विधायकों का हंगामा, सम्राट सरकार के खिलाफ नारेबाजी
Bihar Assembly Monsoon Session : बिहार विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र 20 जुलाई यानी सोमवार से शुरू गया. वहीं कार्यवाही शुरू होने के साथ ही विपक्ष के विधायकों ने नीट पेपरलीक को लेकर हंगामा किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. स्पीकर के समझाने के बाद विधायक शांत हुए. सदन शुरू होते ही राजद के आलोक मेहता और भाई वीरेंद्र खड़े होकर कहने लगे कि नीट में जो धांधली हो रही है बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. इसी को लेकर कुछ समय हंगामा देखने को मिला.

24 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कई विधेयक पेश किए जाएंगे. इसमें बिहार निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2026, बिहार नर्सेज पंजीकरण (संशोधन) विधेयक 2026, बिहार चिकित्सा (संशोधन) विधेयक 2026, बिहार कृषि भूमि ( गैर कृषि प्रयोजनों के लिए सम्परिवर्तन) ( निरसन ) विधेयक 2026, बिहार भूमि दाखिल _ खारिज (संशोधन) विधेयक 2026, भारतीय स्टाम्प (बिहार संशोधन) विधेयक 2026, बिहार जुआ (प्रतिषेध) विधेयक 2026, बिहार माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक 2026, बिहार नगर विकास विधेयक 2026 और बिहार ईज ऑफ़ जुइंग बिजनेस विधेयक 2026 आज सदन के पटल पर रखा जाएगा.

स्पीकर ने सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए पिछले कुछ महीने में जिस पूर्व सदस्यों का और प्रमुख हस्तियों का निधन हुआ उनके प्रति सदन में शोक प्रकट किया गया.
सुरक्षा मुस्तैद
विधानसभा सत्र-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर पटना पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत आज दिनांक 20.07.2026 को श्रीमती ममता कल्याणी, नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य), पटना द्वारा विधानसभा सत्र के दौरान प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं बलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था का प्रभावी एवं सुचारू संधारण सुनिश्चित करने, सुरक्षा व्यवस्था में सतत सतर्कता बनाए रखने, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से त्वरित, संवेदनशील एवं विधिसम्मत तरीके से निपटने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।