लालू का ‘नो सिक्योरिटी’ सफर, बिना सुरक्षा पटना की सड़कों पर निकले राजद सुप्रीमो, नया बवाल

दिल्ली से पटना लौटने के बाद मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और सांसद मीसा भारती ने सुरक्षा के मुद्दे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार को घेरा था। अब लालू यादव का नया वीडियो सामने आया है.

 Lalu Prasad Yadav
Lalu Prasad Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News :  राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का एक वीडियो बुधवार को सामने आया है, जिसमें वह पटना की सड़कों पर एक वाहन में बिना किसी पुलिस सुरक्षा और एस्कॉर्ट के घूमते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव एक दिन पहले ही दिल्ली से पटना लौटे थे और अब उनका यह वीडियो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि लालू यादव अकेले वाहन में सफर कर रहे हैं और उनके साथ न तो सुरक्षा कर्मियों का काफिला है और न ही पुलिस एस्कॉर्ट। यह स्थिति ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में लालू परिवार ने सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए सुरक्षा कर्मियों को वापस लौटा दिया था।


सुरक्षा को लेकर सरकार पर हमला

दिल्ली से पटना लौटने के बाद मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और सांसद मीसा भारती ने सुरक्षा के मुद्दे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार को घेरा था। राजद नेताओं का आरोप था कि राजनीतिक दुर्भावना के तहत लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती की गई है और उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। तेजस्वी यादव ने कहा था कि बिहार सरकार विपक्ष के नेताओं को निशाना बना रही है, जबकि मीसा भारती ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे।


क्या है पूरा सुरक्षा विवाद?

दरअसल, बिहार सरकार ने हाल ही में वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को मिली Z+ श्रेणी की सुरक्षा वापस लेने का फैसला किया था। वहीं तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में भी कटौती की गई। हालांकि तेजस्वी यादव की Y+ सुरक्षा और मीसा भारती की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को बरकरार रखा गया था। सरकार के फैसले के बाद लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने अपने आवास पर तैनात नए सुरक्षा कर्मियों को लौटा दिया था। इसके बाद राजद कार्यकर्ता स्वयं सुरक्षा व्यवस्था संभालते दिखाई दिए, जिसकी तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए थे।


सरकार का क्या कहना है?

बिहार सरकार का कहना है कि यह फैसला किसी राजनीतिक कारण से नहीं बल्कि वीआईपी सुरक्षा की नियमित समीक्षा के बाद लिया गया है। सरकार के अनुसार लालू यादव और राबड़ी देवी को पूरी तरह असुरक्षित नहीं छोड़ा गया है, बल्कि नई व्यवस्था के तहत बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस (BSAP) और अन्य सुरक्षा प्रबंध उपलब्ध हैं।


राजनीतिक बहस तेज

लालू यादव का बिना सुरक्षा पटना की सड़कों पर घूमने का वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है। राजद इसे सरकार की प्रतिशोधात्मक राजनीति बता रहा है, जबकि सत्ता पक्ष का दावा है कि सुरक्षा व्यवस्था तय मानकों और समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर तय की गई है।



अभिजीत की रिपोर्ट