भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में महागठबंधन की बड़ी जीत, सोनू राय बने विजेता, NDA को बड़ा झटका

राधा चरण शाह के इस्तीफे के बाद खाली हुई भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव में महागठबंधन को बड़ी जीत मिली है, राजद के सोनू कुमार राय ने जीत हासिल की है.

rjd wins Bhojpur-Buxar MLC by-election
rjd wins Bhojpur-Buxar MLC by-election- फोटो : news4nation

Bhojpur-Buxar MLC by-election :  भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव में महागठबंधन को बड़ी जीत मिली है। महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी सोनू कुमार राय ने एनडीए उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद को हराकर सीट पर कब्जा जमाया। मतगणना पूरी होने के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जीत की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और जमकर जश्न मनाया।


मतगणना गुरुवार सुबह 8 बजे से आरा स्थित राजकीय कन्या प्लस टू विद्यालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। पूरी प्रक्रिया चुनाव पर्यवेक्षक और जिला निर्वाचन पदाधिकारी की निगरानी में संपन्न हुई। सबसे पहले मतपेटियां खोली गईं, जिसके बाद मतपत्रों की गिनती शुरू हुई। दोपहर 12 बजे तक ही चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई थी। महागठबंधन प्रत्याशी सोनू कुमार राय करीब 415 मतों से बढ़त बनाए हुए थे और तभी से उनकी जीत तय मानी जा रही थी।


भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र सीट पर मंगलवार को मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के अनुसार उपचुनाव में 97.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस सीट पर कुल 6,086 मतदाता थे, जिनमें 2,832 पुरुष और 3,254 महिला मतदाता शामिल थे। चुनाव मैदान में कुल छह उम्मीदवार उतरे थे।


यह सीट पूर्व विधान पार्षद राधा चरण शाह के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। अब तक यह सीट जदयू के कब्जे में थी, लेकिन उपचुनाव में राजद उम्मीदवार की जीत को बिहार की राजनीति में एनडीए के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।


बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद हुए इस चुनावी मुकाबले के नतीजे को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह एनडीए के लिए बड़ा झटका है। जहां यह सीट अब तक जदयू के पास थी वहीं राजद ने इस सीट पर जीत हासिल कर सत्ताधारी गठबंधन को बड़ा झटका दिया है।