गुस्से में रोहिणी आचार्य, इनके खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी, कहा - मेरी छवि खराब करने की हो रही कोशिश
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने उनके नाम से चल रहे फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ बिहार साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
Patna : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर उनके नाम का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। रोहिणी ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) पर अपने नाम से चलाए जा रहे फर्जी अकाउंट्स को लेकर बिहार पुलिस के साइबर सेल में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि इन अकाउंट्स के माध्यम से भ्रामक और अभद्र सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुँचाने की कोशिश हो रही है।
फर्जी अकाउंट्स के जरिए फैलाया जा रहा भ्रामक कंटेंट
रोहिणी आचार्य ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इस पूरे मामले की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर कई ऐसे अकाउंट सक्रिय हैं जो उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन हैंडल्स से न केवल तथ्यविहीन बातें लिखी जा रही हैं, बल्कि अभद्र टिप्पणियां भी पोस्ट की जा रही हैं। रोहिणी ने स्पष्ट किया कि ऐसे किसी भी कंटेंट से उनका कोई लेना-देना नहीं है और यह उनके समर्थकों व जनता को गुमराह करने की एक साजिश है।
ब्लू टिक वाले हैंडल ही हैं आधिकारिक
सोशल मीडिया पर सक्रियता को देखते हुए रोहिणी ने अपने समर्थकों और आम जनता से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर केवल ब्लू टिक वाले हैंडल @RohiniAcharya2 ही उनके आधिकारिक अकाउंट हैं। इसके अलावा उनके नाम से चलने वाले अन्य सभी प्रोफाइल फर्जी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे केवल सत्यापित (Verified) अकाउंट्स पर ही भरोसा करें।
आरोपियों की हुई पहचान, पुलिस कार्रवाई शुरू
रोहिणी आचार्य के अनुसार, फर्जी अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने इस संबंध में सभी जरूरी साक्ष्य बिहार पुलिस के साइबर सेल को सौंप दिए हैं। पुलिस के आला अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत उचित और त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल अब इन हैंडल्स के आईपी एड्रेस और लोकेशन की जांच कर रहा है।
सिंगापुर में रहकर भी बिहार की सियासत पर पैनी नजर
भले ही रोहिणी आचार्य सिंगापुर में रहती हैं, लेकिन बिहार और देश की राजनीति पर उनकी पकड़ काफी मजबूत रहती है। वह अक्सर अपने पोस्ट के जरिए एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री पर निशाना साधती रहती हैं। शनिवार को भी उन्होंने बढ़ती महंगाई और गिरते रुपए की कीमत पर तंज कसते हुए लिखा, "एक डॉलर में 94 रूपईया, डॉलर के सामने रूपईया है हलकान, गैस की लाईन में देश खड़ा है, कान में तेल डाल सो रहा फोटोजीवी परधान।"