Bihar Politics: 'बन कर भीगी बिल्ली, चाचा चले गए दिल्ली', रोहिणी ने सीएम नीतीश पर कसा तंज, JDU को दी चेतावनी
Bihar Politics: लालू यादव की लाडली बेटी रोहिणी आचार्य ने सीएम नीतीश पर हमला बोला है। रोहिणी आचार्य ने ट्विट कर सीएम नीतीश को चाचा कहते हुए लिखा कि बनकर भीगी बिल्ली चाचा चले गए दिल्ली ....
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव अब कुछ कदम दूर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। इससे पहले वह गुरुवार को पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सीएम नीतीश के दिल्ली जाते ही राजद सुप्रीमो लालू यादव की लाडली बेटी रोहिणी आचार्य ने तंज कसा है। रोहिणी आचार्य ने सीएम नीतीश पर जबरदस्त हमला बोला है। रोहिणी ने ट्विट कर लिखा है कि बनकर भीगी बिल्ली चाचा चले गए दिल्ली।
रोहिणी का तंज
रोहिणी ने सीएम नीतीश को चाचा कहते हुए संबोधित किया है और लिखा है कि, "बन कर भीगी बिल्ली , चाचा चले गए आज दिल्ली ...सही कहा गया है " मौकापरस्ती और धोखा बिना भुगतान के पीछा नहीं छोड़ते" .. भुगतना पड़ गया ना चाचा जी .. ! .. एक - दो दिन में छिन जाएगी कुर्सी और टूट जाएगा नाता सियासत - ए - बिहार से , काश आप रह पाते बिना पलटीमार के "..!!
14 या 15 अप्रैल नई सरकार की गठन
बता दें कि, सीएम नीतीश के दिल्ली जाने को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने दिल्ली रवाना होने से पहले संकेत दिया कि बिहार में नई सरकार का गठन 13 अप्रैल के बाद किया जाएगा। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक 14 या 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है, जिसके लिए पटना के गांधी मैदान को संभावित स्थल माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के भीतर इस बार मुख्यमंत्री पद भारतीय जनता पार्टी के खाते में जा सकता है।
सम्राट चौधरी रेस में आगे
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सीएम पद के लिए सबसे आगे बताया जा रहा है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं कहा गया है। अगर ऐसा होता है तो यह बिहार के राजनीतिक इतिहास में एक बड़ा बदलाव होगा, क्योंकि अब तक भाजपा राज्य में सहयोगी दल के रूप में ही सत्ता में रही है। वहीं, वर्ष 2005 से लगातार मुख्यमंत्री पद पर काबिज रहे नीतीश कुमार की यह संभावित विदाई एक युग के अंत के रूप में देखी जा रही है।