रोहतास में मौत का तांडव: बाइक और ऑटो की टक्कर में दो दोस्तों की गई जान, एक महिला की हालत गंभीर
एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक और ऑटो के बीच भीषण सीधी भिड़ंत हो गई । इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार नासरीगंज निवासी सुजीत कुमार और विवेक कुमार नामक दो युवकों की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई ।
Sasaram - : बिहार के रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र स्थित गोरारी बाजार में आज एक अनियंत्रित बाइक और ऑटो के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में बाइक सवार दो सगे दोस्तों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि ऑटो पर सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान नासरीगंज के रहने वाले सुजीत कुमार (26) और विवेक कुमार (22) के रूप में हुई है।
तेज रफ्तार और 'नो एंट्री' बनी काल
प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के भाई बॉबी कुमार के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सुजीत और विवेक बाइक से नासरीगंज से बिक्रमगंज की ओर जा रहे थे। गोरारी बाजार के पास सड़क पर एक तरफ गाड़ियां खड़ी थीं, जिससे रास्ता संकरा हो गया था। इसी दौरान सामने से आ रहे ऑटो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह जख्मी हो गए और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
एक ही परिवार के छह लोग घायल

इस हादसे में ऑटो पर सवार एक ही परिवार के छह लोग भी जख्मी हुए हैं, जो बिक्रमगंज के बहुआरा गांव के निवासी हैं। घायलों में कांति देवी, संगीता देवी, रीता देवी, सुचिता देवी और ऑटो चालक शामिल हैं। घायलों में कांति देवी की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी (UP) रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। बिक्रमगंज के डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नासरीगंज से आ रही बाइक और बिक्रमगंज की ओर से जा रही ऑटो के बीच 'हेड-ऑन कोलिजन' (आमने-सामने की टक्कर) हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
मृतक सुजीत कुमार जितेंद्र सिंह का पुत्र था, जबकि विवेक कुमार रामजी साह का पुत्र था। दोनों दोस्त बालू घाट पर मजदूरी का काम करते थे। अचानक हुई इस घटना से नासरीगंज और मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Report - Ranjan kumar