सम्राट चौधरी दिल्ली से लौटते ही सीधे नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे, बिहार की सियासत की बड़ी खबर

Samrat Chaudhary met Nitish Kumar
Samrat Chaudhary met Nitish Kumar- फोटो : news4nation

Samrat Chaudhary met Nitish Kumar:  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को दिल्ली से लौटते ही पटना में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। नीतीश कुमार ने सम्राट का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों की इस मुलाकात को बेहद खास माना जा रहा है। इसका बड़ा कारण बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार है जिस पर सबकी नजर टिकी है। 


दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली का दौरा किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और संगठनात्मक स्तर पर भी सक्रिय रहे। मंगलवार को उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेताओं से बातचीत की। वहीं, दिल्ली में उन्होंने आरएसएस मुख्यालय का भी दौरा किया। जानकारी के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी उनकी दो बार मुलाकात हुई, जिसमें बिहार के राजनीतिक हालात और मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा हुई।



वहीं बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार में हो रही देरी को लेकर अब एक बड़ा कारण सामने आया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे के बाद नए मंत्रियों के शपथ को लेकर कोई तारीख तय नहीं होने से मंत्रिमंडल विस्तार अटका हुआ है। सूत्रों के अनुसार भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की व्यस्तता इसकी मुख्य वजह मानी जा रही है। पार्टी इस समय तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 में पूरी ताकत के साथ जुटी हुई है। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व का पूरा फोकस इन चुनावों पर होने के कारण बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार टलता नजर आ रहा है।

अमित शाह पर नजर 

सूत्रों के मुताबिक, बिहार में मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मुलाकात के बाद ही लगेगी। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख तय होगी। इसके साथ ही सहयोगी दल जदयू के साथ कुछ विभागों के बंटवारे और फेरबदल को लेकर भी पेंच फंसा हुआ है, जिसे सुलझाने की कवायद जारी है। ऐसे में विधानसभा चुनावों के परिणाम के बाद ही बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख तय होगी जो संभवतः 5 मई या उसके बाद की तिथि होगी।

दिल्ली से सम्राट की वापसी

हालांकि, गृहमंत्री अमित शाह चुनावी राज्यों के दौरे पर होने के कारण उनसे सम्राट चौधरी की मुलाकात नहीं हो सकी। अब माना जा रहा है कि बुधवार को उनकी पटना वापसी के बाद ही आगे की रणनीति तय होगी और मंत्रीमंडल विस्तार को अंतिम रूप दिया जाएगा।


कैबिनेट बैठक आज

इस बीच, बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, 22 अप्रैल 2026, बुधवार को शाम 6 बजे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री और तमाम वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।