बिहार पुलिस के तीन दारोगा की मौत पर सम्राट चौधरी ने जताया शोक, बेगूसराय में हुआ भीषण हादसा

पटना में प्रशिक्षण उपरान्त मधेपुरा जा रहे तीन दारोगा की बेगूसराय में हए एक सड़क हादसे में मौत हो गई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर दुःख जताते हुए गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है.

accident of sub-inspectors of Bihar Police
accident of sub-inspectors of Bihar Police- फोटो : news4nation

Bihar Police :  बिहार के बेगूसराय जिले में शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में मधेपुरा जिले में पदस्थापित अलग अलग थानों के तीन थानाध्यक्षों समेत चार लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।


सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा, "बेगूसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों एवं वाहन चालक के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। यह अपूरणीय क्षति पूरे पुलिस परिवार के लिए गहरा आघात है। दिवंगत आत्माओं की चिर शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। इस दुःख की घड़ी में बिहार सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।"


जानकारी के अनुसार, हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात करीब 12:30 बजे हुआ। मधेपुरा जिले के रतवारा थानाध्यक्ष साजन कुमार (साजन पासवान), अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र (ज्ञानेंद्र अमर) और बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार से मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।


टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों पुलिस अधिकारियों के साथ वाहन चालक नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई है, जिनमें मधेपुरा पुलिस के तीन कार्यरत थानाध्यक्ष और वाहन चालक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना कैसे हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रक और कार की टक्कर की बात सामने आई है। 


इस हादसे ने बिहार पुलिस महकमे को गहरा झटका दिया है। एक साथ तीन थानाध्यक्षों के निधन से पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों में शोक का माहौल है। वहीं राज्य सरकार और पुलिस विभाग ने मृतकों के परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट