खजाना खाली नहीं, विकास की रफ्तार जारी... CM सम्राट चौधरी का विपक्ष पर पलटवार,बोले- अफवाह फैलाने वालों को जनता पहचान चुकी है

Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें बिहार सरकार के खजाने को खाली बताया जा रहा था।

Samrat Choudhary Rejects Bihar Treasury Crisis Claims as Rum
CM सम्राट चौधरी का विपक्ष पर पलटवार- फोटो : social Media

Bihar News: बिहार की सियासत में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें बिहार सरकार के खजाने को खाली बताया जा रहा था। सीएम ने इसे विपक्ष की फैलायी हुई महज अफवाह करार देते हुए कहा कि सरकार ने जो वादे किए हैं, उन्हें हर हाल में पूरा किया जाएगा।

सोमवार को हुई एनडीए विधानमंडल दल की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनता से जुड़े कोई ठोस मुद्दे नहीं हैं। सिर्फ अनर्गल बयानबाजी और भ्रम फैलाकर अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब विपक्ष की हकीकत को समझ चुकी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार के खजाने पर कोई संकट नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में ग्रामीण कार्य विभाग को 800 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर भी सरकार ने व्यवस्था तय कर दी है और हर महीने की 10 तारीख को पेंशन भुगतान किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों का वेतन और पेंशन समय पर मिल रहा है। विकास योजनाएं लगातार चल रही हैं और सभी जरूरी योजनाओं के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे में यह कहना कि सरकार के पास धन की कमी है, पूरी तरह निराधार है।

सीएम ने अपने संबोधन में सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि बिहार को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सुशासन, सेवा और सर्वांगीण विकास है और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने एनडीए विधायकों को सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं से भी अवगत कराया। उन्होंने विधायकों से कहा कि क्षेत्र या विधानसभा से जुड़ी किसी भी समस्या को वे सीधे उनके सामने रखें, ताकि उसका समाधान कराया जा सके।

बैठक का संचालन ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने किया। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने सभी विधायकों से अपील की कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान पूरी मजबूती के साथ मौजूद रहें और विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे आरोपों का जवाब तथ्यों के साथ दें।बिहार की राजनीति में खजाने को लेकर छिड़ी यह बहस अब आने वाले दिनों में विधानसभा के मानसून सत्र में भी गर्म रहने के आसार हैं। सत्ता पक्ष जहां विकास और वित्तीय प्रबंधन को अपनी ताकत बता रहा है, वहीं विपक्ष सरकार से जवाब मांगने की रणनीति पर कायम है।