Bihar Politics: नीतीश की राह पर सम्राट, सीएम बनते ही लगाया जनता दरबार, ऑन स्पॉट कार्रवाई
Bihar Politics: बिहार में नई सरकार बनने के साथ ही ‘नीतीश मॉडल’ की वापसी देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम की फिर से शुरुआत कर आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने की पहल की है...
Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद सीएम सम्राट चौधरी एक्शन में आ गए हैं। सीएम सम्राट भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रास्ते पर चल रहे हैं। सीएम ने नीतीश मॉडल के तहत आज कई महीनों के बाद जनता दरबार लगाया। जानकारी अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार से ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम की दोबारा शुरुआत कर दी है, जो पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रमुख पहल मानी जाती रही है।
एक्शन मोड में सम्राट
पटना स्थित 5 देशरत्न मार्ग पर आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री स्वयं लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए जा रहे हैं। सीएम सम्राट कुर्सी संभालने के बाद से ही एक्शन मोड में हैं। लगातार बैठक कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
ऑन-द-स्पॉट समाधान का दावा
सरकार का दावा है कि इस पहल के जरिए आम लोगों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्हें सीधे मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। जिससे त्वरित समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद हैं, ताकि शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जा सके।
2006 में हुई थी शुरुआत, अब फिर हुआ आगाज
‘जनता दरबार’ की शुरुआत वर्ष 2006 में नीतीश कुमार ने की थी जो वर्षों तक बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था का अहम हिस्सा रहा। हाल के कुछ महीने से यह कार्यक्रम लगभग बंद हो गया था, लेकिन अब नई सरकार ने इसे फिर से शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को फिर से शुरू करने से पहले अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सम्राट ने सुनी लोगों की फरीयाद
उन्होंने उस स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां पहले यह कार्यक्रम आयोजित होता था। सरकार का कहना है कि ‘जनता दरबार’ के जरिए शासन-प्रशासन की जवाबदेही तय होगी और लोगों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान मिलेगा। दूर-दराज से आए लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे उनकी परेशानियों का समाधान आसान होगा।