Bihar News : बख्तियारपुर का नाम बदल देगी सम्राट सरकार, RJD के दावे से बढ़ी सियासी गर्माहट
Bihar News : राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी लालू एवं तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने दावा किया है कि सम्राट सरकार बख्तियारपुर का नाम बदलने की तैयारी में है।
PATNA : बिहार की राजधानी पटना के महत्वपूर्ण प्रखंड बख्तियारपुर का नाम बदलने की चर्चा एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। राजद के प्रदेश नेतृत्व ने दावा किया है कि राज्य की मौजूदा सम्राट चौधरी-नीतीश कुमार (NDA) सरकार इस ऐतिहासिक कस्बे का नाम बदलने की योजना बना रही है। इस दावे ने न केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को जन्म दिया है, बल्कि स्थानीय स्तर पर भी बहस छेड़ दी है।
राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा की भाजपा के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सत्ता की कुर्सी हथियाते ही अपना संकल्प पूरा करना शुरू कर दिया है। नीतीश कुमार को सत्ता से बेदखल करने के बाद अब बिहार से उनकी हर निशानी को चुन-चुनकर मिटाया जा रहा है। सीतामढ़ी राजकीय मेडिकल कॉलेज और जैविक उद्यान का नाम बदला जा चुका है, और अब उनके अपने गृह क्षेत्र बख्तियारपुर का नाम भी बदलने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
उन्होंने कहा की सम्राट चौधरी ने नीतीश नाम की चिड़िया को बिहार से हमेशा के लिए मोक्ष दिलाने का जो बीड़ा उठाया था, उसी दिशा में वे तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। अब यह सरकार सिर्फ और सिर्फ आरएसएस की विचारधारा पर चलेगी। सत्ता से बेदखल होने के बाद जदयू के नेता अब चाहे जितनी छटपटाहट दिखा लें, भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।
शक्ति सिंह यादव ने कहा की सच्चाई यही है कि जब नीतीश कुमार ने खुद ही समाजवादी नीतियों और उसूलों को संघ और भाजपा के हाथों गिरवी रख दिया था, तो आज यह खामियाजा तो उन्हें भुगतना ही पड़ेगा। आज उनकी खुद की राजनीतिक विरासत और पहचान मिटने की कगार पर है। बिहार की जनता सत्ता के इस पूरे खौफनाक खेल को बहुत गौर से देख रही है।