SBPDCL के प्रबंध निदेशक ने राजगीर मलमास मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण, सुरक्षित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

SBPDCL के प्रबंध निदेशक ने राजगीर मलमास मेला क्षेत्र का किया
राजगीर मलमास मेला क्षेत्र में निर्बाध मिलेगी बिजली- फोटो : वंदना शर्मा

Patna/ Rajgeer : राजगीर मलमास मेला-2026 में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को एसबीपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (भा.प्र.से.) ने मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान विद्युत सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


प्रबंध निदेशक ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र के सभी ट्रांसफार्मरों की अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग की जाए और आयरन पोल पर डाइलेक्ट्रिक पेंट का लेप लगाया जाए ताकि करंट लगने का खतरा न रहे। उन्होंने सभी टेंटों का इलेक्ट्रिकल सेफ्टी ऑडिट कराने और वहां केवल मानक गुणवत्ता के नए तारों का उपयोग सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही, मेले के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहने वाले नियंत्रण कक्ष की स्थापना और अतिरिक्त मैनपावर की तैनाती का भी आदेश दिया गया है।


श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कंपनी ने एक नई पहल की है, जिसके तहत मेला क्षेत्र के प्रत्येक पोल पर 'रिफ्लेक्टिव स्टिकर' लगाए गए हैं। इन स्टिकर्स पर उपभोक्ता सहायता नंबर दर्ज हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालु तुरंत मदद मांग सकेंगे। इसके अतिरिक्त, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में सुरक्षाकर्मियों और अभियंताओं की त्वरित पहचान के लिए उन्हें रिफ्लेक्टिव वेस्ट और जैकेट पहनने का निर्देश दिया गया है। मेले में सुरक्षा संबंधी सूचनाओं के प्रसार और अफवाहों को रोकने के लिए पब्लिक एड्रेस (पीआर) सिस्टम का भी उपयोग किया जाएगा।


श्री कुमार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजगीर मलमास मेला एक महत्वपूर्ण आयोजन है और यहां आने वाले पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना विभाग का दायित्व है। उन्होंने वेंडरों को विद्युत सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि टेंट सिटी में शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं को रोका जा सके। प्रबंध निदेशक ने सभी कर्मियों को पूरी मेला अवधि के दौरान हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान करने की हिदायत दी है।


निरीक्षण के इस अवसर पर नालंदा के उप विकास आयुक्त शुभम कुमार, बिहारशरीफ के नगर आयुक्त कुमार निशांत विवेक, विद्युत अधीक्षण अभियंता मनीष कांत और राजगीर के विद्युत कार्यपालक अभियंता विपिन कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि तकनीकी और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बेहतर समन्वय से इस विशाल मेले में निर्बाध बिजली आपूर्ति का एक सफल मॉडल पेश किया जाए।


वंदना की रिपोर्ट