Bihar News: सिलाई मशीन वितरण अभियान, गौरव राय के महिला सशक्तिकरण मिशन से घर-घर पहुंच रहा रोजगार

Bihar News: गौरव राय ने बताया कि अब लोग अपने माता-पिता की पुण्यतिथि, विवाह वर्षगांठ या बच्चों के जन्मदिन जैसे अवसरों पर जरूरतमंदों को सिलाई मशीन या साइकिल भेंट कर सामाजिक सहयोग का उदाहरण पेश कर रहे हैं।

सिलाई मशीन वितरण अभियान
सिलाई मशीन वितरण अभियान- फोटो : social media

Bihar News: स्वरोजगार से महिलाओं को जोड़ने के उद्देश्य से बिग्रहपुर मीठापुर, पटना में रविवार को सिलाई मशीन प्रदान की गई। ग्राम मेसौल, रुणीसैदपुर (जिला सीतामढ़ी) की शबनम देवी को यह सिलाई मशीन गौरव राय की पहल से विपुल राज (प्रबंधन क्रेडिट, पंजाब एंड सिंध बैंक) द्वारा भेंट की गई।


विपुल राज ने अपनी स्वर्गीय माता नंदनी देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर यह सहयोग प्रदान करते हुए कहा कि यह सिलाई मशीन शबनम देवी के लिए आत्मनिर्भर बनने का माध्यम बने, यही उनकी कामना है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी वे एक अन्य महिला को सिलाई मशीन उपलब्ध करा चुके हैं।


कार्यक्रम में उपस्थित गौरव राय ने बताया कि अब लोग अपने माता-पिता की पुण्यतिथि, विवाह वर्षगांठ या बच्चों के जन्मदिन जैसे अवसरों पर जरूरतमंदों को सिलाई मशीन या साइकिल भेंट कर सामाजिक सहयोग का उदाहरण पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी एनजीओ के आपसी सहयोग से शुरू की गई यह पहल अब एक अभियान का रूप ले चुकी है। उनके परिवार, मित्रों और सोशल मीडिया के सहयोग से जरूरतमंदों को सिलाई मशीन और साइकिल उपलब्ध कराई जा रही हैं।


गौरव राय के अनुसार, महिलाओं को सिलाई मशीन देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में सफल साबित हो रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन माह में लाभार्थी महिलाओं की औसत आय 2,478 रुपये प्रतिमाह रही है, जो सकारात्मक संकेत है। अभी ग्रामीण क्षेत्रों में 100 और सिलाई मशीनों की आवश्यकता है, जिसके लिए सहयोग की अपील की जाएगी।


उन्होंने जानकारी दी कि अब तक इस अभियान के तहत पूरे बिहार में लगभग 276 महिलाओं को सिलाई मशीन दी जा चुकी है। लक्ष्य है कि प्रत्येक प्रखंड में कम से कम एक महिला को स्वरोजगार से जोड़ा जाए। इसके अलावा 325 जरूरतमंदों को साइकिलें वितरित की गई हैं तथा 151 विद्यालयों और कॉलेजों में छात्राओं की सुविधा के लिए सैनिट्री पैड वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं।


गौरव राय, जो सिवान जिले के भगवानपुर प्रखंड के सुघरी गांव के मूल निवासी हैं और वर्तमान में पटना में कार्यरत हैं, ने बताया कि उनका उद्देश्य जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से जरूरतमंद महिलाओं के चयन में सहयोग के लिए भूमिहार महिला समाज की संस्थापक प्रीति प्रिया के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विपुल राज को धन्यवाद दिया।