‘दिल्ली का बदला पटना में लेंगे’, CJP प्रदर्शन पर लाठीचार्ज के विरोध में शिवानंद तिवारी का भाजपा पर हमला, बांकीपुर में सिखाएंगे सबक
शिवानंद तिवारी ने अपने पोस्ट में लिखा, “दिल्ली का बदला पटना में लेंगे।” उन्होंने कहा कि दिल्ली में जिस तरह नौजवानों का दमन किया जा रहा है, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
Bihar News : दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के दौरान युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज को लेकर बिहार में भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए केंद्र और राज्य की सरकार पर निशाना साधते हुए युवाओं से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा सरकार को सबक सिखाने की अपील की है।
शिवानंद तिवारी ने अपने पोस्ट में लिखा, “दिल्ली का बदला पटना में लेंगे।” उन्होंने कहा कि दिल्ली में जिस तरह नौजवानों का दमन किया जा रहा है, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया और यह प्रयास अब भी जारी है। राजद नेता ने कहा कि देश के कई राज्यों में युवाओं ने अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन का समर्थन किया है और पुलिस दमन का विरोध किया है।
‘बांकीपुर उपचुनाव साधारण चुनाव नहीं’
शिवानंद तिवारी ने अपने पोस्ट में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की धरती पर इस सरकार को सबक सिखाने का बिहार के युवाओं के सामने महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने लिखा कि पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव कोई साधारण उपचुनाव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस सीट के पूर्व विधायक के भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद विधानसभा से इस्तीफा देने के कारण यह उपचुनाव हो रहा है। शिवानंद तिवारी ने बिहार और खासकर पटना के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यह इस सरकार को सबक सिखाने का सुनहरा मौका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी मिलकर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सरकार को भारी मतों से पराजित करें।

‘लोकतंत्र दमन से नहीं, आम सहमति से चलता है’
राजद नेता ने अपने पोस्ट का अंत करते हुए लिखा कि इस चुनाव के जरिए सरकार को यह संदेश दिया जाना चाहिए कि लोकतंत्र दमन से नहीं, बल्कि आम सहमति से चलता है। शिवानंद तिवारी का यह बयान ऐसे समय आया है जब दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज को लेकर विपक्षी दल लगातार सरकार पर हमलावर हैं। अब इस मुद्दे को बिहार की राजनीति से जोड़ते हुए राजद ने बांकीपुर उपचुनाव को सरकार के खिलाफ जनमत का अवसर बनाने की कोशिश शुरू कर दी है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। वहीं 3 अगस्त को मतगणना होगी। बांकीपुर का उपचुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बनी हुई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के कारण रिक्त हुई इस सीट पर नीरज सिन्हा को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। वहीं प्रशांत किशोर जनसुराज के प्रत्याशी हैं जबकि राजद ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।