26 हजार कंप्यूटर शिक्षक की कमी, सिर्फ 460 पदों पर निकली वैकेंसी, बिहार विधानसभा में घिरी नीतीश सरकार

Bihar Assembly
Bihar Assembly- फोटो : news4nation

Bihar Assembly : बिहार के सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा को लेकर गंभीर स्थिति सामने आई है। बिहार विधान सभा में सीपीआई (एमएल) के विधायक संदीप सौरभ ने सदन में कहा कि राज्य में करीब 26 हजार कंप्यूटर शिक्षकों की कमी है, जबकि सरकार ने हाल ही में सिर्फ 460 पदों पर ही वैकेंसी निकाली है। उन्होंने मांग की कि कम से कम घोषित रिक्तियों का आधा हिस्सा तो भरा जाना चाहिए।


इस मुद्दे को आगे बढ़ाते हुए सहरसा से विधायक इंद्रजीत गुप्ता ने सवाल उठाया कि कक्षा 6 से 10 तक सभी सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा की व्यवस्था तो कर दी गई है, लेकिन एक भी विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षक की नियुक्ति नहीं हुई। ऐसे में कंप्यूटर शिक्षा सिर्फ कागज़ों तक सीमित रह गई है।


सदन में शिक्षा मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि पहले राज्य में फिजिक्स, केमेस्ट्री और गणित के शिक्षकों की भारी कमी थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि अब कंप्यूटर शिक्षकों की कमी भी चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।


विधायक इंद्रजीत गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि कई विद्यालयों में शिक्षकों का अनुपात संतुलित नहीं है—कहीं अधिक तो कहीं बहुत कम शिक्षक कार्यरत हैं। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (डीएम) को अधिकार दिया गया है, ताकि वे स्थानीय स्तर पर आकलन कर शिक्षकों की तैनाती में संतुलन स्थापित कर सकें।