Bihar Budget Session: 'आप स्वस्थ हैं ना', सदन में विधानसभा अध्यक्ष ने भाई वीरेंद्र पर कसा तंज, सदन में लगने लगे ठहाके...
Bihar Budget Session: सदन में विधानसभा अध्यक्ष ने भाई वीरेंद्र की चुटकी ली। उन्होंने भाई वीरेंद्र के एक सवाल पर तंज कसते हुए उनसे ही पूछ लिया कि आप ठीक हैं...स्वस्थ हैं ना...
Bihar Budget Session: बिहार विधानसभा में गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष और भाई वीरेंद्र में तीखी नोक झोंक देखने को मिली। विधानसभा अध्यक्ष ने चुटकी लेते हुए भाई वीरेंद्र से पूछा कि आप स्वस्थ हैं ना... दरअसल, पटना जिले के दानापुर और मनेर इलाके में पानी में आर्सेनिक की कथित मौजूदगी का मुद्दा गूंजा। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने अपने क्षेत्र की पेयजल समस्या को उठाते हुए कहा कि इलाके के लोगों को दूषित पानी मिल रहा है। जिससे स्वास्थ्य पर खतरा बना हुआ है।
आर्सेनिक को लेकर पूछा सवाल
जवाब में पीएचईडी मंत्री ने बताया कि 9 फरवरी को संबंधित क्षेत्र के पानी की जांच कराई गई थी और जांच रिपोर्ट में आर्सेनिक की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक नहीं पाई गई है। मंत्री ने कहा कि सरकार पेयजल की गुणवत्ता को लेकर सजग है और नियमित जांच कराई जाती है। मंत्री के जवाब पर असहमति जताते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा कि अधिकारियों ने मंत्री को गलत जानकारी दी है। उन्होंने सदन में कहा कि “मैं खुद उस इलाके में रहता हूं। जमीनी हकीकत कुछ और है और यहां कुछ और पढ़कर सुना दिया गया है।”
आप स्वस्थ हैं ना
इस दौरान माहौल कुछ गरम हो गया। स्थिति को संभालते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने भाई वीरेंद्र से हल्के अंदाज में पूछा, “आप स्वस्थ हैं न? आप पर आर्सेनिक का प्रभाव नहीं हैं ना। जनता की चिंता सरकार कर लेगी।” उन्होंने कहा कि आप स्वस्थ रहिए जनता का चिंता सरकार करेगी तो भाई वीरेंद्र भड़कते हुए कहा कि जनता के लिए भाई वीरेंद्र है...। वहीं इस दौरान भाई वीरेंद्र सीएम नीतीश पर हमला बोलते हुए कहा कि समय पर दावा खाइए तब भी स्पीकर ने भाई वीरेंद्र से पूछा कि आप खाते हैं ना..।
लगने लगे ठहाके
स्पीकर की इस टिप्पणी पर सदन में कुछ देर के लिए हल्की मुस्कान और हलचल देखने को मिली। हालांकि, विधायक ने दोहराया कि क्षेत्र में पानी की दोबारा जांच कराई जाए और यदि कहीं भी आर्सेनिक की मात्रा अधिक पाई जाती है तो तत्काल कार्रवाई हो। मामले को लेकर सदन में कुछ समय तक चर्चा जारी रही।
पटना से रंजन की रिपोर्ट