व्यवसायी समागम में बोले सीएम सम्राट : बिहार की समृद्धि में बीसीसीआई का योगदान ऐतिहासिक, व्यापारियों को सुरक्षा की गारंटी

Bihar News : सीएम सम्राट चौधरी नेउद्योगपतियों और व्यापारियों के लिए बड़ा एलान किया है। सीएम ने कहा है कि बिहार के जितने भी व्यापारी और उद्यमी हैं, उनकी सुरक्षा की चिंता पूरी तरह से सरकार करेगी और किसी भी कीमत पर अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा.

व्यवसायी समागम में बोले सीएम सम्राट : बिहार की समृद्धि में ब
व्यवसायी समागम में सीएम सम्राट- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : पटना में आयोजित 'व्यवसायी समागम' को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (BCCI) के 100 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को सराहा। उन्होंने मंच पर उपस्थित बीसीसीआई के अध्यक्ष अग्रवाल जी, वित्त सचिव संजय सिंह और अन्य गणमान्य साथियों का अभिवादन करते हुए कहा कि 1926 से स्थापित यह संस्था सिर्फ बिजनेस नहीं कर रही, बल्कि बिहार की सामाजिक संरचना को बदलने और समाज कल्याण में अपनी निरंतर भागीदारी निभा रही है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गौरव का क्षण है कि ऐसी ऐतिहासिक संस्था बिहार को आगे बढ़ाने के लिए लगातार चिंतित है और काम कर रही है।


उद्योग नीति 2025 में संशोधन और धरातल पर निवेश की अपील

सीएम सम्राट चौधरी ने उद्योग नीति पर बात करते हुए कहा कि सरकार केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर इंडस्ट्री खड़ी करने में विश्वास रखती है। उन्होंने उद्योग नीति 2025 में किए गए संशोधनों का जिक्र करते हुए भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जरूरत के अनुसार बदलाव किए जाएंगे। सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि बिहार में बड़े उद्योगों को आकर्षित करने और राज्य के विकास के लिए सबसे पहली जरूरत हमारे अपने स्थानीय व्यापारियों के विश्वास और उनके इन्वेस्टमेंट की है, क्योंकि जब तक बिहार के मौजूदा कारोबारियों में भरोसा नहीं जगेगा, तब तक बाहर से आने वाले बड़े उद्योगपतियों में विश्वास पैदा नहीं किया जा सकता।


अपराधियों का कोई धर्म नहीं, सुरक्षा की फुल गारंटी : सीएम

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कड़ा और स्पष्ट संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने व्यवसायियों को सुरक्षा की पूरी गारंटी दी। उन्होंने कुछ लोगों द्वारा धर्म की आड़ लेने पर प्रहार करते हुए कहा कि अपराधी का कोई धर्म नहीं होता, वह सबसे पहले अपनी ही कम्युनिटी (समुदाय) को सबसे ज्यादा तंग करता है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि बिहार के जितने भी व्यापारी और उद्यमी हैं, उनकी सुरक्षा की चिंता पूरी तरह से सरकार करेगी और किसी भी कीमत पर अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा।


हर 3 महीने पर जिला स्तर पर बैठक करेंगे डीएम और एसपी

व्यापारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने एक बड़े प्रशासनिक फैसले की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सरकार ने सख्त निर्देश जारी किया है कि अब से हर 3 महीने में एक बार सभी जिलों के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) स्थानीय व्यवसायी एसोसिएशन के साथ अनिवार्य रूप से जिला स्तर पर बैठक करेंगे। इस बैठक के माध्यम से सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा होगी और व्यापारियों की जो भी छोटी-बड़ी समस्याएं या कानूनी अड़चनें होंगी, उन्हें ऑन-द-स्पॉट दूर करने का प्रयास किया जाएगा।


"अब तंग होकर बिहार से जाना नहीं, बल्कि वापस लौटने का वक़्त है"

अपने संबोधन के अंत में सम्राट चौधरी ने देश-विदेश में रह रहे बिहार के उद्यमियों से भावुक और मजबूत अपील की। उन्होंने कहा कि अब वो दौर चला गया, अब किसी भी कारोबारी को तंग होकर बिहार से बाहर जाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। जो लोग कभी किसी विपरीत दौर या मजबूरियों के कारण बिहार छोड़कर चले गए थे, अब उनके वापस अपनी मातृभूमि लौटने का वक़्त आ चुका है। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि भविष्य में उद्योग जगत से जुड़ा जो भी फैसला लिया जाएगा, वह आप सभी की सहमति से होगा और सरकार उद्यमियों को आगे बढ़ाने में अपना पूरा सहयोग देगी।


नरोत्तम की रिपोर्ट