Bihar Road Accident: पटना में रफ्तार का कहर, तेज वाहन ने ली दो जिंदगियां, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

Bihar Road Accident: खाना बनाने का सामान पहुंचाकर लौट रहे दो युवकों की बाइक को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

Bihar Road Accident: पटना में रफ्तार का कहर, तेज वाहन ने ली
मातम में बदलीं खुशियां - फोटो : SUMIT

Patna : नौबतपुर नहर रोड पर रविवार की रात हुआ दर्दनाक सड़क हादसा पूरे इलाके को झकझोर गया। मन्झौली गांव में एक शादी समारोह में खाना बनाने का सामान पहुंचाकर लौट रहे दो युवकों की बाइक को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान मेघा पासवान और आलोक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शादी समारोह से काम खत्म कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी अचानक अंधेरे में एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण वहीं दम तोड़ दिया।घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। सूचना मिलते ही पिपलावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद छोटी टेंगरैला और अमरपुरा गांव में मातम का माहौल है। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियां कुछ ही पलों में शोक में बदल गईं, जिससे पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर रोड पर रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार हादसों को न्योता दे रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सख्त निगरानी, स्पीड कंट्रोल और सीसीटीवी व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

ग्रामीणों ने दोषी वाहन और चालक की तुरंत पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की भी अपील की गई है। यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब तक सड़कें रफ्तार के इस अंधेपन की बलि चढ़ती रहेंगी? और कब तक निर्दोष लोग इस लापरवाही की कीमत अपनी जान देकर चुकाते रहेंगे?

रिपोर्ट- सुमित कुमार