Bihar News: पटना में जमीन दलालों का 'गेम ओवर'! DM का बड़ा आदेश, रजिस्ट्री ऑफिस जाने से पहले पढ़ लें ये खबर

Bihar News: जमीन के दलालों पर पटना प्रशासन का बड़ा स्ट्राइक! रजिस्ट्री ऑफिस में होने वाली सेटिंग और अवैध वसूली को रोकने के लिए डीएम ने सख्त गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। अब न सिर्फ दलालों पर प्राथमिकी (FIR) होगी।

Strictness in revenue work
पटना डीएम का सख्त आदेश - फोटो : AI Image

Bihar News: पटना जिले में जमीन की खरीद-बिक्री में फर्जीवाड़े और दलालों के दखल को खत्म करने के लिए जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। निबंधन कार्यालयों में बढ़ते भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद अब बिचौलियों के खिलाफ सीधे FIR दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सभी कार्यालयों को CCTV की चौबीसों घंटे निगरानी में रखने का फैसला लिया गया है, ताकि आम जनता को दलालों के चंगुल से बचाया जा सके।

पटना डीएम का आदेश 

दरअसल, पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने राजस्व कार्यों को पारदर्शी व जवाबदेह बनाने के लिए कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को जनसंवाद कार्यक्रम में जबरन कब्जे व भू-माफिया की कई शिकायतें आने के बाद शनिवार को समीक्षा बैठक की गई। इसमें डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं व अनुमंडल पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अंचल कार्यालयों में दलालों, बिचौलियों व मुंशियों की किसी भी प्रकार की भूमिका बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

कार्यालय में लगेंगे सीसीटीवी कैमरा 

दलालों की धरपकड़ के लिए हर अंचल कार्यालय एक दूरभाष नंबर जारी करे, जिस पर आम लोग दलालों या अन्य अनियमितता की शिकायत कर सकें। साथ ही, सभी अंचल कार्यालयों में हाई-एंड सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और नियमित निरीक्षण के जरिए संदिग्ध तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

FIR दर्ज कराने के निर्देश

डीएम ने भू-माफिया को भी चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। इसके लिए शहरी अंचल कार्यालयों में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को विशेष औपचारिक निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। भू-माफिया की पहचान होने पर अंचल अधिकारियों को उनके खिलाफ भारतीय न्याय सहिता की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी कराने को कहा गया है। डीएम ने अपर समाहर्त्ता व अन्य वरीय पदाधिकारियों को अंचल कार्यालयों की गतिविधियों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र भ्रमण के दौरान दलाल-मुंशी की पहचान करें और उनके खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में अंचल अधिकारी से सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराएं।

समयबद्ध निष्पादन व कठोर कार्रवाई की चेतावनी

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि तय समय में दाखिल-खारिज, परिमार्जन, नापी व अतिक्रमणवाद जैसे मामलों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन नहीं होने से दलालों व बिचौलियों की भूमिका बढ़ती है। ऐसे में सभी अंचल कार्यालयों में निर्धारित समय पर राजस्व संबंधी सभी कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। राजस्व व जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

भू-माफिया के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज 

राजस्व पदाधिकारी भूमि विवादों के प्रभावी निष्पादन के लिए सूक्ष्म स्तर पर निगरानी, मामलों की गंभीरता का आकलन,विस्तृत प्राथमिक सूचना संधारण, पूर्ववृत्त (हिस्ट्री शीट) की जानकारी व योजनाबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। सरकारी जमीन का पूरा ब्योरा रखा जाए और कल्याणकारी योजनाओं के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया तेज की जाए। अपर समाहर्ता पटना को इन कार्यों की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भू-माफिया के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल में फुलवारीशरीफ अंचल में एक भू-माफिया के खिलाफ परसा बाजार में प्राथमिकी कराई गई है। इसके साथ उन्होंने सभी एसडीओ व एसडीपीओ को भू, शराब व बालू माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।