पटना में छात्र आंदोलन ने लिया बड़ा रूप, सचिवालय के बाहर बेली रोड जाम, भारी बवाल

छात्र संगठनों का कहना है कि यह आंदोलन पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, शिक्षा के निजीकरण और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है।

Student agitation in Patna
Student agitation in Patna- फोटो : news4nation

Student agitation in Patna : दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन की गूंज बुधवार को पटना तक पहुंच गई। पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर पटना में छात्रों का प्रदर्शन कई इलाकों तक फैल गया। गांधी मैदान से शुरू हुआ छात्र आंदोलन डाकबंगला चौराहा होते हुए सचिवालय के बाहर बेली रोड तक पहुंच गया, जहां प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के आह्वान पर बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान पहुंचे थे। छात्र राजभवन मार्च निकालने की तैयारी में थे। पुलिस ने उन्हें जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश की। छात्रों के आगे बढ़ने और बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।


छात्र संगठनों का कहना है कि यह आंदोलन पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, शिक्षा के निजीकरण और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है। गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शन अब पटना के कई प्रमुख इलाकों तक पहुंच चुका है और सचिवालय के बाहर बेली रोड पर छात्रों के प्रदर्शन के कारण राजधानी में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।


गांधी मैदान में वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल

प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। पुलिस कार्रवाई के बावजूद छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए, जिसके बाद लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान कई छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।


सचिवालय के बाहर बेली रोड पर प्रदर्शन

दोपहर बाद प्रदर्शनकारियों ने सचिवालय के पास बेली रोड पर भी पहुंचकर सड़क जाम कर दी। इसके कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पेपर लीक मामलों की जांच की मांग कर रहे हैं।


डाकबंगला चौराहे पर भी जारी रहा प्रदर्शन

डाकबंगला चौराहे पर भी छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। छात्रों को समझाने के लिए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान छात्रों ने तालियां बजाकर भी विरोध जताया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बीजेपी विधायक को भी प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने से रोक दिया और उन्हें वापस लौटना पड़ा।


पत्रकारों से भी हुई धक्का-मुक्की का आरोप

प्रदर्शन के दौरान कुछ पत्रकारों के साथ भी बदसलूकी और धक्का-मुक्की की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुछ पत्रकारों की हूटिंग की गई और एक पत्रकार के सिर में चोट लगी। इसको लेकर भी मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।