Bihar News : बिहार में अब पेट्रोल पंपों पर मिलेंगे 'सुधा' के उत्पाद, कॉमफेड का HPCL और IOCL के साथ हुआ समझौता

Bihar News : अब बिहार के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर भी 'सुधा' के डेयरी उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे। तेल कंपनियों के साथ कॉमफेड ने इसके लिए समझौता किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार में अब पेट्रोल पंपों पर मिलेंगे 'सुधा' के
पेट्रोल पम्प पर सुधा के उत्पाद - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : अब बिहार के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर सुधा के उत्पाद मिलेंगे। बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में राज्य के डेयरी क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में इसको महत्वपूर्ण पहल की गई है। बीते शनिवार को हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एवं मंत्रिपरिषद के सदस्यों की उपस्थिति में बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ (कॉमफेड), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के बीच बहुआयामी समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया।

समझौता ज्ञापन का हस्तांतरण बिहार सरकार की ओर से डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव तथा कॉमफेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक ने किया। एचपीसीएल की ओर से कार्यकारी निदेशक अनूप कुमार सामंत्रय और आईओसीएल की ओर से जोनल प्रमुख सुमंत झा ने समझौते का आदान-प्रदान किया।

इस साझेदारी के तहत राज्य में पेट्रोल पंपों के साथ-साथ सुधा कैफेटेरिया भी स्थापित किए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इस पहल से आम लोगों को एक ही परिसर में गुणवत्तापूर्ण पेट्रोलियम सेवाओं और सुधा के डेयरी उत्पादों की सुविधा मिलेगी। साथ ही डेयरी क्षेत्र का विस्तार होगा, दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों का व्यवसायिक सशक्तिकरण होगा तथा दुग्ध उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

राज्य सरकार के अनुसार यह समझौता 'सहकार से समृद्धि' के लक्ष्य को आगे बढ़ाने और राज्य के डेयरी एवं सहकारिता क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।