Bihar Crime: न्यूज4नेशन पर खबर चलने के बाद एक्शन में सरकार, जमुई में छेड़खानी पर मंत्री सुनील कुमार बोले- दोषी किसी हाल में नहीं बचेंगे!

Bihar Crime: जमुई में प्रेमी-प्रेमिका के साथ कथित बदसलूकी और छेड़खानी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। ...

Sunil Kumar Vows Action in Jamui Harassment Case
न्यूज4नेशन पर खबर चलने के बाद एक्शन में सरकार- फोटो : reporter

Bihar Crime: न्यूज4नेशन पर खबर चलने के बाद  जमुई में प्रेमी-प्रेमिका के साथ कथित बदसलूकी और छेड़खानी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब बिहार सरकार के मंत्री सुनील कुमार ने भी घटना पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। मंत्री ने कहा कि उन्हें पूरी घटना की जानकारी मिली है और वह जमुई के एसपी से पूरे मामले की जानकारी लेंगे। उन्होंने साफ कहा कि जिन लोगों ने यह हरकत की है, उन्हें किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा।

मंत्री सुनील कुमार का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब 19 सितंबर की शाम हुई कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस-प्रशासन भी हरकत में आया। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर पीड़ितों की पहचान कर ली गई है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की पहचान की गई है।

बता दें प्रेमी-प्रेमिका कोचिंग के बाद स्कूटी से घूमने निकले थे। इसी दौरान जमुई सदर थाना क्षेत्र से सटे लखीसराय-जमुई बॉर्डर के सोनाई मड़वा इलाके में कुछ युवकों ने उन्हें कथित तौर पर रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की गई। घटना के दौरान बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के अनुसार, पुलिस ने पीड़ितों से संपर्क किया और वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की।मामले में राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग अध्यक्ष अप्सरा ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है और मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई का भरोसा दिया है।

अब मंत्री सुनील कुमार के सख्त बयान के बाद पुलिस कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं। सवाल यही है कि वायरल वीडियो के आधार पर चिन्हित किए गए आरोपितों पर कानून का शिकंजा कितनी तेजी से कसता है और जांच में घटना से जुड़े बाकी पहलू कब तक सामने आते हैं।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह