Bihar Politics: पीके से मुलाकात के बाद तेज प्रताप का बड़ा संकेत, लालू के लाल पका रहे सियासी खिचड़ी, तेजस्वी की बढ़ेगी मुश्किल

Bihar Politics: प्रशांत किशोर और तेज प्रताप यादव के बीच हुई सीक्रेट मीटिंग ने सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। चर्चाओं के बाजार गर्म है। खुद तेज प्रताप ने इसे औपचारिक से अधिक का संकेत दिया है।

तेज प्रताप यादव प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर से मिले तेज प्रताप यादव - फोटो : News4nation

Bihar Politics: बिहार की राजनीतिक में करीब दो दशक के बाद बदलाव हुआ है। पहली बार राज्य में बीजेपी की सरकार बनी है। नए सीएम सम्राट चौधरी एक्शन मोड में हैं। सीएम बनने के बाद वो एक के बाद एक बड़े फैसले ले रहे हैं। वहीं दूसरी ओर विपक्ष में हलचल तेज है। कांग्रेस-राजद दल जहां एक ओर बीजेपी पर हमलावर हैं तो वहीं अन्य विपक्षी दल अपनी आगे की रणनीति बना रही है। इसी बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिससे सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कयासों के बाजार ऐसे गर्म हुए कि सभी अपने अपने हिसाब से चर्चा कर रहे हैं। नई समीकरण को लेकर भी चर्चा की जा रही है। 

प्रशांत किशोर से मिले तेज प्रताप यादव

दरअसल, जनसुराज के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशात किशोर और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव की मुलाकात हुई। अचानक तेज प्रताप प्रशांत किशोर से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई और कई अहम मुद्दों पर चर्चा भी हुई। इसकी जानकारी खुद तेज प्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया के माध्यम से दिया। सोशल मीडिया पर तेज प्रताप की पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मुलाकात औपचारिक नहीं, बल्कि...

पोस्ट में तेज प्रताप यादव ने लिखा कि, "आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा। मेरी मुलाकात प्रशांत किशोर जी से हुई, जहाँ हमने जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की। इस दौरान जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात हुई। यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि इसमें कई ऐसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ जो आने वाले समय में राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं।

संभावित गठजोड़ के संकेत से बढ़ी हलचल

उन्होंने आगे लिखा कि, मैं, तेज प्रताप यादव, इस संवाद को अपने राजनीतिक जीवन के एक महत्वपूर्ण अनुभव के रूप में देखता हूँ, जहाँ सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प और भी मजबूत हुआ। इस मुलाकात को आगामी राजनीतिक रणनीति और संभावित गठजोड़ के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है, हालांकि दोनों नेताओं की ओर से किसी औपचारिक घोषणा की पुष्टि नहीं की गई है।

एक दूसरे विरोधी बनेंगे साथी? 

गौरतलब हो कि, दोनों नेताओं को अब तक एक-दूसरे का विरोधी माना जाता रहा है, ऐसे में इस मुलाकात के बाद नए सियासी समीकरणों की अटकलें तेज हो गई हैं। प्रशांत किशोर अक्सर राजद सुप्रीमो लालू यादव और उनके दोनों बेटे तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव को लेकर हमलावर  रहते थे। वहीं अब तेज प्रताप से मुलाकात के बाद चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में नए गठजोड़ या बदलाव देखने को मिल सकते हैं, हालांकि अभी तक किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।