डबल इंजन की सरकार ने बिहार का नाक कटा दिया ! तेजस्वी यादव का प्रचंड प्रहार- 'दिनदहाड़े कट रहे सिर, खाली है खजाना, कहां सो रही है सरकार?'
तेजस्वी यादव ने बिहार की एनडीए सरकार को कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दों पर घेरा। अररिया में सिर काटकर हत्या की घटना और राज्य की आर्थिक बदहाली पर तेजस्वी के कड़े तेवर।
Patna - : बिहार विधानसभा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने राज्य की वर्तमान नीतीश-बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने अररिया के फारबिसगंज में हुई एक निर्मम हत्या की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में अब ‘चोपट राज’ चल रहा है, जहाँ सरेआम दिनदहाड़े लोगों के सिर काटे जा रहे हैं। उन्होंने सरकार की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
“सरकार सिर्फ सरकार बनाने में लगी है”
मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा, “सरकार जो है, सरकार बनाने में ही लगी हुई है, लेकिन बिहार का पूरा सिस्टम चौपट हो रखा है। अस्पतालों में मरीजों का इलाज नहीं हो रहा, दवाएं नहीं मिल रही हैं और तो और स्ट्रेचर तक नसीब नहीं हो रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए के नेताओं के मन में सिर्फ इस बात के लड्डू फूट रहे हैं कि कौन भाजपा का मंत्री बनेगा और कौन किसका, जबकि जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है।
अररिया हत्याकांड पर तीखी प्रतिक्रिया
अररिया की घटना पर दुख और गुस्सा जाहिर करते हुए तेजस्वी ने कहा, “दिनदहाड़े जिस प्रकार से आज अररिया के फारबिसगंज में जो निर्मम हत्या हुई है, उसने इस चोपट राज की पोल खोल दी है। इतनी भयावह तस्वीर हमने अब तक नहीं देखी थी कि सरेआम दिनदहाड़े एक व्यक्ति का सिर काटकर हत्यारा दिनभर लोगों के बीच घूमता रहा। प्रशासन कहाँ है? कहाँ है लॉ एंड ऑर्डर?” उन्होंने कहा कि एनडीए के शासन में बिहार अब अपराध में नंबर वन-टू पर आ गया है।
बिहार के पिछड़ेपन पर सरकार को घेरा
तेजस्वी ने नीति आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए राज्य की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जब मैं कहता हूँ कि बिहार सबसे गरीब राज्य है, तो लोगों को मिर्ची लग जाती है। प्रति व्यक्ति आय में बिहार सबसे नीचे है, यहाँ सबसे ज्यादा बेरोजगारी और पलायन है। शिक्षा और चिकित्सा के हर मामले में बिहार पायदान में सबसे नीचे है, लेकिन 20 साल से राज कर रही एनडीए सरकार सिर्फ ऊँची-ऊँची बातें करती है।”
“खजाना खाली, मंत्रियों तक को नहीं मिल रही सैलरी”
सरकार की वित्तीय स्थिति पर कटाक्ष करते हुए राजद नेता ने दावा किया कि बिहार का खजाना अब पूरी तरह खाली हो चुका है। तेजस्वी ने कहा, “पेंशन और सैलरी नहीं मिल रही है। कर्मचारियों की तो छोड़िए, हम मंत्रियों तक को अभी तक सैलरी नहीं मिली है। ठेकेदारों को पैसा नहीं मिल रहा है। पूरा प्रशासनिक ढांचा चरमरा गया है और सरकार के लोग बालू और दारू के खेल में मदहोश हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘डबल इंजन’ की सरकार के पास बिहार के लिए कोई पैकेज या विजन नहीं है।
report - Ranjan kumar