तेजस्वी यादव का बिहार सरकार पर हमला, सीतामढ़ी में पार्टी नेता की हत्या और बिगड़ती कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। उन्होंने सीतामढ़ी में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष की हत्या का हवाला देते हुए कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि की बात पुलिस नहीं सुन रही है, तो आम जनता की क्या स्थिति होगी....

तेजस्वी यादव का बिहार सरकार पर हमला, सीतामढ़ी में पार्टी नेत
तेजस्वी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल- फोटो : रंजन कुमार

Patna : बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीतामढ़ी में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और प्रतिनिधि पर हुए हमले व हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही और लचर व्यवस्था के कारण एक जनप्रतिनिधि की निर्मम हत्या हो गई।


गोलीबारी के बाद थाने में गुहार

तेजस्वी यादव ने प्रेस के सामने घटना का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले महीने की 28 तारीख को उन पर गोलियां चलाई गई थीं। पीड़ित पक्ष अपनी जान बचाने और न्याय की गुहार लगाने थाने गया था, जहां पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय टालमटोल किया।


जान बचाने की गुहार को किया अनसुना

उन्होंने आगे बताया कि पीड़ितों ने पुलिस से यहां तक कहा था कि अगर वे हमलावरों को पकड़ने में असमर्थ हैं तो उन्हें ही जेल में बंद कर दें ताकि उनकी जान तो बच सके, लेकिन पुलिस ने उनकी इस गुहार पर कोई सुनवाई नहीं की।


महज कुछ दिनों बाद हुई हत्या

पुलिस प्रशासन की इस घोर उदासीनता और निष्क्रियता का परिणाम यह निकला कि थाने में जाने के महज तीन-चार दिन बाद ही अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी और उनके शरीर में नौ गोलियां उतार दी गईं।


गृह विभाग और पुलिस पर सवाल

तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि की बात पुलिस नहीं सुन रही है, तो आम जनता की क्या स्थिति होगी। उन्होंने मौजूदा पुलिस महकमे और गृह विभाग के कामकाज पर तीखा असंतोष व्यक्त किया है।


रंजन की रिपोर्ट