Bihar Politics : पटना में गरजे तेजस्वी, नीतीश कुमार को बताया 'अधिकारियों का मुख्यमंत्री', कार्यकर्ताओं से किया सड़क पर उतरने का आह्वान
Bihar Politics : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को अधकारियों का मुख्यमंत्री बताया है. वहीँ उन्होंने कार्यकर्ताओं से सड़क पर उतरने का आह्वान किया है......पढ़िए आगे
PATNA : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को पूरे बिहार से आए कार्यकर्ताओं का भव्य अभिनंदन और स्वागत किया गया। इस मौके पर पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनावी हार के बाद पहली बार अपने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की कोशिश की। तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि अब चुप बैठने का समय नहीं है, बल्कि वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरने और निर्णायक लड़ाई लड़ने का वक्त आ गया है।
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वह अब जनता के नहीं बल्कि केवल 'अधिकारियों के मुख्यमंत्री' बनकर रह गए हैं। उन्होंने लालू प्रसाद यादव की विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार की जनता के असली नेता आज भी लालू प्रसाद ही हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार गरीबों की नहीं है और यह केवल चंद लोगों के इशारों पर चल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस गरीब विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए उन्हें साथ देना होगा।
भ्रष्टाचार के मामलों और मुकदमों का जिक्र करते हुए तेजस्वी ने कहा कि वह किसी भी केंद्रीय एजेंसी या कानूनी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि जब उन्होंने राजनीति में कदम रखा था, तभी उन पर केस कर दिया गया था ताकि उन्हें डराया जा सके। तेजस्वी ने दो टूक शब्दों में कहा, "हम न तो तब डरे थे और न ही अब झुकने वाले हैं।" उन्होंने इसे विरोधियों की साजिश करार देते हुए कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि वे पूरी मजबूती के साथ खड़े रहें।
बजट सत्र और राज्य के विकास पर तंज कसते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने सदन के भीतर सरकार को चुनौती दी थी कि वह कोई एक ऐसा काम बता दे जिसमें बिहार नंबर वन बना हो, लेकिन सरकार के पास इसका कोई जवाब नहीं था। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार विफल रही है। तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि अगर कोई उन्हें गाली दे या अपमानित करे, तो अब चुप रहने की जरूरत नहीं है; जो जैसा करेगा, उसे वैसा ही भुगतना पड़ेगा।
संबोधन के समापन पर तेजस्वी यादव ने एक नई राजनीतिक लड़ाई का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राजद अब जल्द ही बिहार की सड़कों पर बड़े आंदोलन की तैयारी कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बिहार की वर्तमान सरकार गरीबों और पिछड़ों के हक को मारने का काम कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अभिनंदन समारोह के जरिए तेजस्वी ने यह साफ कर दिया कि वह आने वाले समय में आक्रामक तेवर बरकरार रखेंगे और सरकार को चैन से बैठने नहीं देंगे।
रंजन की रिपोर्ट