Bihar Politics: विदेश घूम रहे तेजस्वी यादव को लगा बड़ा झटका, कई दिग्गज नेताओं ने छोड़ा साथ, कांग्रेस का थमा हाथ
Bihar Politics: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव फिलहाल बिहार में मौजूद नहीं है। तेजस्वी विदेश दौरे पर हैं। वहीं तेजस्वी की गैर मौजूदगी में राजद को बड़ा झटका लगा है। राजद के कई नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद से ही राजद कांग्रेस में अनबन देखने को मिल रही है। इसी बीच राजद के कई नेताओं का कांग्रेस में शामिल होगा सियासी सरगर्मी और बढ़ा दिया है।
राजद के कई दिग्गज कांग्रेस के हुए
जानकारी अनुसार सभी दिग्गजों ने पटना स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। सभी नेता खगड़िया के हैं। खगड़िया की राजनीति में यह बड़ा बदलाव माना जा रहा है। बता दें कि, राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व जिला अध्यक्ष कुमार रंजन, युवा राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव संजय कुशवाहा, स्वराज इंडिया के खगड़िया जिला प्रवक्ता विप्लव रणधीर, जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता, यूथ फॉर स्वराज के जिला संयोजक अभिमन्यु शाह, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राहुल चंद्रा सहित कई नेताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस की विचारधारा से हुए प्रभावित
खगड़िया जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अविनाश कुमार अविनाश ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि शुक्रवार को पटना में एक नया राजनीतिक अध्याय लिखा गया है। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं ने जननायक राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस की सदस्यता ली है।
लोकतंत्र पर मंडरा रहा खतरा
प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कांग्रेस में शामिल हुए सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि आप सभी को राहुल गांधी की ‘संविधान बचाओ’ की लड़ाई को जनता तक मजबूती से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है और कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी। सभी नए साथियों के सहयोग से लोकतंत्र को फिर से मजबूत किया जाएगा। राष्ट्रीय सचिव डॉ. चंदन यादव ने कहा कि खगड़िया जिले की चारों विधानसभा सीटों पर जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा और संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।