Bihar Politics: सीएम नीतीश के इस्तीफे पर तेजस्वी यादव का सनसनीखेज दावा, जबरदस्ती लिया गया इस्तीफा, भाजपा ने की ठगी

Bihar Politics: सीएम नीतीश ने मंगलवार को एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया। सीएम नीतीश के इस्तीफे के बाद तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया है। तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि सीएम नीतीश से जबरदस्ती इस्तीफा लिया गया है।

तेजस्वी यादव
बीजेपी ने सीएम नीतीश को ठगा - फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन अहम है। सीएम नीतीश ने मंगलवार को एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया है। सीएम नीतीश के इस्तीफे के बाद सियासी भूचाल आ गई है। सत्ता पक्ष के नेता जहां एक ओर भावुक बयान दे रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर विपक्ष इसे भाजपा की साजिश करार दे रही है। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि, दूसरे सदन में कोई चुना  जाता है तो एक सदन से इस्तीफा देता है। लेकिन बात यह नहीं है, बात है कि सीएम नीतीश के बिना मर्जी के दवाब में निर्णय लिया गया है। जाहिर सी बात है बिहार में भाजपा के लोगों ने नीतीश जी और बिहार की जनता को ठगा है। 

बीजेपी ने दिया धोखा 

तेजस्वी यादव ने कहा कि, हम लोग पहले ही दिन से कह रहे हैं कि अगर एनडीए की सरकार बनी तो सीएम नीतीश मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। आज वही बात साबित हुआ है। दूसरी बात साबित हुआ कि ये लोग जो चुनाव में धनतंत्र और मशीनतंत्र लगाया था और माताओं बहनों से कहा था कि दो लाख रुपए मिलेंगे। चुनाव के समय 10 हजार रुपए दिया गया। अब उन्हें कब पैसा मिलेगा ये पता नहीं। बिहार की महिलाओं और मतदाताओं को ठगा गया है। 

कौन बनेगा मुख्यमंत्री, यह हमारा विषय नहीं

सीएम पद को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनका विषय नहीं है कि अब कौन मुख्यमंत्री बनेगा, लेकिन जो कुछ हुआ है, वह सबके सामने है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा ने जनता और नीतीश कुमार दोनों के साथ विश्वासघात किया है।

केरल और पश्चिम बंगाल चुनाव पर दावा

केरल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी वहां मजबूती से चुनाव लड़ रही है। साथ ही दावा किया कि न तो केरल में और न ही पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में आने वाली है। नीतीश कुमार के जाने पर जदयू नेताओं की भावुकता को लेकर तेजस्वी यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि ये लोग कैमरा देखकर रोते हैं, एक्टिंग करते हैं। आजकल पढ़ने के साथ-साथ एक्टिंग भी कर रहे हैं।

निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री पर प्रतिक्रिया

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीतिक भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जो भी राजनीति में आता है, उनका स्वागत है। तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं और किसानों की स्थिति खराब है, लेकिन उनकी मदद करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने महंगाई को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद डीजल, पेट्रोल और एलपीजी के दाम और बढ़ सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि अभी ही महंगाई बहुत ज्यादा है, आने वाले दिनों में और बढ़ेगी।

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट