छात्रों पर गोली किसने चलवाई, सम्राट या शाह कौन जिम्मेदार! डीजीपी से मिलकर खूब बरसे तेजस्वी यादव

सीवान में छात्रो पर AK 47 से गोली चलाने को लेकर केंद्र और बिहार की सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने तंज किया कि आखिर यह कार्रवाई मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर हुई या फिर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आदेश पर।

Tejashwi Yadav Meets Bihar DGP
Tejashwi Yadav Meets Bihar DGP- फोटो : news4nation

Tejashwi Yadav Meets Bihar DGP : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को बिहार पुलिस के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार से मुलाकात कर हाल के दिनों में छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस फायरिंग के मुद्दे पर गंभीर चिंता जताई। इस दौरान उनके साथ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का एक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था।


मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन के दौरान सीवान में छात्रों पर एके-47 से गोलियां चलाई गईं, जिसमें कई छात्र घायल हुए। उन्होंने कहा कि तीन घायल छात्रों का अभी भी पटना के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है और उन्होंने स्वयं अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की है। तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया कि छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सरकार को जनता के सामने जवाब देना चाहिए।


सम्राट या शाह कौन जिम्मेदार 

केंद्र और बिहार की सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने तंज किया कि आखिर यह कार्रवाई मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर हुई या फिर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आदेश पर। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रों के खिलाफ इतनी बड़ी कार्रवाई किसके निर्देश पर की गई।


नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह मुद्दा केवल बिहार तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने बताया कि विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं, जिनमें राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी शामिल हैं, ने इस मामले को संसद में उठाया है। उन्होंने कहा कि वे इन नेताओं से आग्रह करेंगे कि वे बिहार आकर घायल छात्रों से मिलें और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति देखें। 


तेजस्वी यादव ने कहा कि छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर राजद लगातार आवाज उठाता रहेगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता रहेगा।


रंजन की रिपोर्ट